spot_img

Lucknow : नल कनेक्शन देने के मामले में उप्र ने राजस्थान को भी पछाड़ा

Lucknow: UP also beat Rajasthan in the matter of providing tap connections.

योगी सरकार की बड़ी उपलब्धि, सबसे ज्यादा नल कनेक्शन देने में तीसरे स्थान पर पहुंचा उप्र
97 लाख से अधिक परिवारों तक नल कनेक्शन देने वाले राज्यों में उप्र ने बनाई मजबूत स्थिति
लखनऊ: (Lucknow)
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने हर घर नल योजना में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नल कनेक्शन देने के मामले में उत्तर प्रदेश ने जहां राजस्थान को पछाड़ा है वहीं सबसे अधिक नल कनेक्शन देने में देशभर में यह तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। उप्र ने गुरुवार तक 97 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल कनेक्शन पहुंचा दिये हैं।

प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का कहना है कि देश में सर्वाधिक नल कनेक्शन देने वाले राज्यों में बिहार और महाराष्ट्र के बाद उत्तर प्रदेश तीसरे पायदान पर पहुंच गया है। जल जीवन मिशन की हर घर जल योजना से पांच करोड़ से अधिक ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल का लाभ मिलने लगा है। आंकड़ों के मुताबिक उप्र ने गुरुवार तक 97,11,717 परिवारों तक नल कनेक्शन पहुंचा दिये हैं। योजना से 5,82,70,302 से अधिक ग्रामीण लभान्वित हो रहे हैं, जबकि राजस्थान में 39,33,140 नल कनेक्शन दिये गये हैं।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि योगी सरकार के कुशल नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना से उप्र के 36.59 प्रतिशत ग्रामीण परिवारों तक हर घर जल पहुंचाने का सपना पूरा हो चुका है। वहीं राजस्थान में 36.47 प्रतिशत ग्रामीण परिवारों तक हर घर जल पहुंचा है। उन्होंने कहा कि उप्र में जहां प्रत्येक दिन लगभग 40 हजार से अधिक परिवारों को नल कनेक्शन दिये जा रहे हैं। वहीं राजस्थान में यह आंकड़ा 5 हजार से अधिक है।

उन्होंने बताया कि नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग श्रीवास्तव की ओर से निरंतर किये जा रहे योजनाओं के निरीक्षण, समीक्षा बैठकों के साथ योजनाओं को जल्द से जल्द पूरा कराए जाने के प्रयासों से हर घर जल योजना उप्र में नित नई उपलब्धियां हासिल कर रही है। उल्लेखनीय है फरवरी माह में उप्र ने झारखंड और पश्चिम बंगाल को पछाड़ कर 81 लाख से अधिक परिवारों तक नल कनेक्शन पहुंचाने की उपलब्धि हासिल की थी।जल शक्ति मंत्री का दावा है कि केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना को योगी सरकार सबसे तीव्र गति से लक्ष्य की ओर पहुंचा रही है। बहुत जल्द उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री मोदी की महत्वाकांक्षी योजना में नम्बर वन होने जा रहा है। हमारा लक्ष्य गांव, गरीब, किसान को घर-घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है।

सबसे ज्यादा नल कनेक्शन देने वाले 10 राज्य
राज्य नल कनेक्शनों की संख्या
बिहार 1,59,10,093
महाराष्ट्र 1,09,98,678
उप्र 97,11,717
गुजरात 91,18,449
तमिलनाडु 79,62,581
कर्नाटक 67,60,912
आंध्र प्रदेश 66,43,799
वेस्ट बंगाल 58,97,176
मध्य प्रदेश 57,59,876
तेलंगाना 53,98,219

Explore our articles