वापसी पर हज यात्रियों का किया जाएगा स्वागत
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज मंत्री धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को विधान भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में हज यात्रा की व्यवस्थाओं के संबंध में समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिये कि किसी भी स्तर पर हज यात्रियों को कोई असुविधा न होने पाए और यदि कहीं कोई समस्या आती है तो उसका तत्काल निराकरण किया जाए।
मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि हज यात्रियों की वापसी उड़ाने 03 जुलाई से प्रारम्भ हो जाएंगी। इसलिए वापसी पर हज यात्रियों को हज हाउस, लखनऊ में निःशुल्क ठहराने की भी बेहतर व्यवस्था की जाए। साथ ही हज यात्रियों के प्रथम जत्थे के आगमन पर उनका सम्मान पूर्वक स्वागत किया जाए।
अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ने कहा कि हज हाउस पर यात्रियों हेतु सभी प्रबंधकीय व्यवस्थाएं उचित रूप से की जाएं। लखनऊ उड़ान स्थल से 13 जून तक कुल 12 हजार 791 जिसमें वाराणसी उड़ान स्थल के यात्री भी सम्मिलित हैं व दिल्ली उड़ान स्थल से 11 हजार 864 आवेदक हज की यात्रा पर प्रस्थान कर चुके हैैं। अब तक कुल 24 हजार 655 हज यात्री हज हेतु जा चुके हैं। शेष 305 यात्री लखनऊ उड़ान स्थल से 17 व 19 जून को भेजे जाएंगे।
यात्रियों की सुविधा हेतु उनके ठहरने व प्रबन्धकीय व्यवस्थाओं हेतु चिन्हित स्थलों को पूर्णतः वातानुकूलित किया गया है। यात्रियों की चिकित्सकीय व टीकाकरण सुविधा हेतु स्थल पर एक अस्थायी चिकित्सालय स्थापित कराया गया है। वह 24 घण्टे कार्यरत है। यात्रियों की सुरक्षा में 24 घण्टे सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। यात्रियों की देख-रेख हेतु 30 खादिमुल हुज्जाज सऊदी अरब तैनात किये जा चुके हैं।
हज 2023 में प्रत्येक आवेदनकर्ता को सऊदी रियाल 1500 से 10,000 तक अपने साथ ले जाने की अनुमति है। इसके लिए उन्हें स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया का काउण्टर हज हाउस, लखनऊ में कार्यरत है। उड़ान स्थल पर समस्त व्यवस्थायें यात्रियों को निःशुल्क उपलब्ध करायी जाती हैं। व्यवस्था से जुड़े समस्त विभागों के कैम्प कार्यालय स्थल पर स्थापित हैं। यात्रियों को एसी बसों से व उनके सामान को सुरक्षा गार्डों की देख-रेख में ट्रक के माध्यम से सीधे एयरपोर्ट भेजा जा रहा है।
हज हाउस व एयरपोर्ट दोनो स्थलों पर यात्रियों की सुविधा हेतु कर्मचारी, वालन्टियर्स तैनात हैं। यात्रियों को इमीग्रेशन कस्टम, लगेज व यात्रा सम्बन्धी प्रकरणों के निस्तारण हेतु वापसी उड़ान पर भी कर्मचारी व वालन्टियर्स एयरपोर्ट पर तैनात किये जाते हैं।
बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि हज यात्रियों के यात्रा संबंधी प्रकरणों के निस्तारण हेतु विशेष ध्यान रखा जाए। यह प्रयास किया जाए कि हज यात्रियों को अधिक से अधिक सुविधाएं प्राप्त हों। ताकि बिना किसी बाधा के उनकी हज यात्रा पूर्ण हो सके। इस पवित्र कार्य में हम सब सहभागी बन सकें।
बैठक में उप्र राज्य हज समिति के अध्यक्ष मोहसिन रजा ने बताया कि हज समिति द्वारा हज यात्रियों के लिए सभी प्रबंधकीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गयी हैं। उनकी सभी सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है और प्राप्त शिकायतों व समस्याओं का तत्काल निराकरण भी किया जा रहा है।
बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव गुलाब सिंह, अनिल कुमार, निदेशक जे. रीभा, हज समिति के सचिव, कार्यपालक अधिकारी एसपी तिवारी एवं जावेद सिद्दीकी उपस्थित थे।


