spot_img

Lucknow : यूसीसी के मुद्दे पर मोहसिन रजा ने मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड को दिखाया आईना

मोहसिन का सवाल, यूसीसी आने से सबको मिलेगा बराबरी का दर्जा, फिर विरोध क्यों

लखनऊ : यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) के विरोध में उतरे मौलानाओं पर उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं यूपी हज कमेटी के चेयरमैन मोहसिन रजा ने कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड को चलाने वाले कुछ चंद लोग भारत के करोड़ों मुसलमानों का प्रतिनिधित्व नहीं करते। उनके विरोध करने से कुछ नहीं होने वाला। यूसीसी आने से सभी को समान अधिकार मिलने जा रहा है और भारत का मुसलमान इसका स्वागत करेगा।

मोहसिन रजा ने हिन्दुस्थान समाचार से कहा, मैं मुस्लिम समाज के लोगों से पूछना चाहता हूं कि जब देश का बंटवारा हुआ तो बंटवारे की आवाज किसने उठाई थी? क्या किसी हिंदू भाई ने बंटवारे की आवाज उठाई थी? बंटवारे की मांग किन लोगों ने की थी? किसी एक भी हिंदू भाई का नाम बता दीजिए कि जिसने यह कहा हो कि आप बंटवारा करके पाकिस्तान चले जाइए। मुसलमानों को हम यहां रहने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि 1947 से लेकर आज तक मुसलमानों की स्वतंत्रता का गला नहीं दबाया गया। पाकिस्तान में रहने वाले अल्पसंख्यक हिंदुओं के बारे में भी तो सोचिए जो वहां रह गए। उनकी स्थिति के बारे में कभी आपने चिंता नहीं की।

पूर्व मंत्री ने कहा कि यूनिफार्म सिविल कोड से तो सबको समान अधिकार मिलने जा रहा है, लेकिन आप (मौलाना) एक पर्सनल ला भी लाएंगे, आप पाकिस्तान भी लाएंगे! अरे भाई, आप देशहित में भी सोच लिया कीजिए। उन्होंने कहा कि यह लोग निजी स्वार्थ के बारे में सोचने वाले लोग हैं। यह दूसरी पार्टियों के साथ मिलकर राजनीतिक खेल खेलने वाले लोग हैं। यह ठेकेदारी करने वाले लोग हैं। मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड बनाकर कुछ चंद लोग जो बैठे हुए हैं, वे भारत के करोड़ों मुसलमानों का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं

रजा ने कहा कि आज जिन करोड़ों मुसलमान भाइयों को आवास मिले हैं। उन्हें सुरक्षा मिली है। मोदी सरकार में तमाम योजनाओं का लाभ उन्हें मिला है। उसकी भी चर्चा कर लिया करें। उन्हें निजी स्वार्थ से ऊपर उठकर देश के लिए सोचना पड़ेगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जिस प्रकार सबका साथ सबका विकास हो रहा है उसी प्रकार सबको समान अधिकार भी मिलेगा। भारत का मुसलमान यूसीसी का स्वागत करेगा।

Explore our articles