लखनऊ : (Lucknow) बहुजन समाज पार्टी (Bahujan Samaj Party) (बसपा) प्रमुख मायावती ने आगरा में बाराखंबा रेलवे फाटक ‘अंबेडकर भवन’ को अतिक्रमण बताकर उसे हटाने की कार्रवाई पर अपनी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहाकि उम्मीद है कि इस मामले में सरकार जरूर सकारात्मक कदम उठाएगी।
मायावती ने इस मामले में एक्स पर पोस्ट कर बताया कि आगरा में बाराखंबा रेलवे फाटक के पास दशकों से समाज हित व जनकल्याण आदि गतिविधियों से जुड़े ‘अम्बेडकर भवन’ को अतिक्रमण बताकर उसे हटाने की कार्रवाई से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का यह भी कहना है कि क्या यही है सरकार का अम्बेडकर प्रेम? ऐसे में केन्द्र सरकार से अनुरोध है कि आगरा के साथ-साथ ऐसी और भी बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर-विरोधी कार्रवाईयों का तत्काल संज्ञान ले और जरूर उचित कार्रवाई भी करें। उम्मीद है कि सरकार जरूर सकारात्मक कदम उठाएगी।


