
पूर्वांचल एक्सप्रेस पर गोसाईगंज थाना क्षेत्र में बेकाबू हुई बस
लुधियाना से आ रही थी बस, मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल
लखनऊ : (Lucknow) राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज (Gosaiganj area of the capital Lucknow) क्षेत्र में सोमवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में डबल डेकर बस पलटने से कई यात्रियों की जान चली गई, जबकि एक दर्जन के आसपास लोग घायल हो गए। बस पंजाब के लुधियाना से बिहार के दरभंगा की ओर जा रही थी।
हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर खेमा खेड़ा गांव (Khema Kheda village) के निकट हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण सहायता के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही लखनऊ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। बस में फंसे यात्रियों को निकालकर तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी (Station House Officer Brajesh Kumar Tripathi) ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चार से पांच यात्रियों की मौत की आशंका है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि पहचान प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही की जाएगी। घायलों की संख्या 10 से 12 बताई जा रही है, जिनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।


