spot_img

Lucknow : प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ को सुनने के लिए रविवार को उप्र के गांवों में लगेगी चौपाल

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को यहां बताया कि प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने के लिए रविवार को प्रदेश के गांवों में भी चौपाल लगेंगे।

केशव मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 100 एपिसोड इस माह पूरे हो रहे हैं। ऐसे में इस गैर राजनैतिक जनवार्तालाप कार्यक्रम की शतकीय पारी को ऐतिहासिक बनाने के लिए उत्तर प्रदेश, ग्राम्य विकास विभाग प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतो में ग्रामीणों को ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने के लिये चौपाल का आयोजन किया जा रहा है

उप मुख्यमंत्री के निर्देश के क्रम में ग्राम्य विकास आयुक्त जीएस प्रियदर्शी ने प्रदेश के सभी मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक ग्राम पंचायत के सार्वजनिक स्थल पर या जिन गांवों में अमृत सरोवर बन गए हैं, सरोवर के निकट चौपाल का आयोजन किया जाए। आमजन के अलावा इस चौपाल में स्कूली बच्चे, सरकारी कर्मचारी एवं गांव के बुजुर्ग लोगों का विशेष ध्यान रखा जाये एवं कार्यक्रम स्थल छायादार एवं सुविधाजनक हो।

ग्राम्य विकास आयुक्त के निर्देश में यह भी कहा गया है कि नगर निकाय चुनाव के आदर्श आचार संहिता का भी इस दौरान पूरी तरह से अनुपालन किया जाये। मन की बात सुनने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम (चौपालों) में स्वयं सहायता समूह की महिलायें, मनरेगा मजदूरों और लाभार्थियों को भी आमंत्रित किया जायेगा। साथ ही हर ग्राम पंचायत के आयोजन की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराने का निर्देश दिया गया है। हालांकि जिन अधिकारियों की चुनाव कार्य में ड्यूटी लगी हुई है, उन्हें इस कार्यक्रम से मुक्त रखा गया है।

Explore our articles