spot_img

Lucknow : विश्वविद्यालय शिक्षण में ट्रांसजेंडर्स की शिक्षा भी जोड़ें : आनंदीबेन पटेल

राज्यपाल ने आयार्च नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की नैक ग्रेडिंग के लिए तैयार सेल्फ स्टडी रिपोर्ट की समीक्षा की

लखनऊ : राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में आचार्य नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की नैक ग्रेडिंग हेतु तैयार सेल्फ स्टडी रिपोर्ट की समीक्षा की। राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय अपने शिक्षण में ट्रांसजेंडर्स की शिक्षा के कार्यक्रम भी जोड़े।

आनंदीबेन पटेल ने सम्पूर्ण प्रस्तुतिकरण में भाषा संयोजन की कमी को विशेष रूप से लक्ष्य किया और समृद्ध भाषा में प्रस्तुतिकरण बनाने को कहा। उन्होंने डिजीलाकर में डिग्री अपलोड करने का कार्य, आडिट के लाभों, विश्वविद्यालय द्वारा ऊसर जमीन पर पैदा हो सकने वाली कृषि किस्मों का विकास और उसका देश के अन्य भागों में भी हो रहे बेहतर उपयोग का विवरण भी जोड़ने को कहा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अपनी विशेषताओं को अपने एसएसआर में हाइलाइट करे।

विश्वविद्यालय द्वारा अपनी बेस्ट प्रैक्टिस के प्रस्तुतिकरण के दौरान थारू जनजाति के हित में किए गए कार्यों का उल्लेख भी किया गया। राज्यपाल ने इस कार्य की सराहना करते हुए इसका दायरा बढ़ाकर जनजाति के समग्र विकास पर कार्य करने को कहा। उन्होंने इसके लिए जनजाति की आय वृद्धि हेतु साधनों पर ध्यान देने, स्वास्थ्य शिविर लगवाकर उनके बच्चों और महिलाओं का चेकअप करवाने और चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाने, जनजाति के निवास क्षेत्रों के समीप आंगनवाड़ी केन्द्रों को सशक्त करने जैसे अन्य विविध कार्यों हेतु सुझाव दिये।

बैठक में अपर मुख्य सचिव राज्यपाल कल्पना अवस्थी, विशेष कार्याधिकारी शिक्षा पंकज जाॅनी, विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ0 बिजेन्द्र सिंह, टीम के सभी सदस्य तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Explore our articles