लखनऊ: (Lucknow) उत्तर प्रदेश के महाराज जनपद के लाइन तोला ग्राम में नेपाल के रास्ते भारत पहुंची 21 पेटी अवैध शराब को आबकारी विभाग और सशस्त्र सीमा बल की संयुक्त कार्यवाही में बरामद किया है।नेपाल मार्का शराब की बरामदगी से आबकारी विभाग की टीम और भी सक्रिय हो गयी है। जिला आबकारी अधिकारी जितेन्द्र पाण्डेय ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि नेपाल में किशमिश से बनने वाली शराब की भारत के कुछ हिस्सों में मांग के कारण उसे नेपाल से भारत लाकर बेचा जाता है। बीते दिन आबकारी विभाग के निरीक्षक वैभव कुमार यादव को नेपाल से महाराजगंज जिले में शराब पहुंचने की सूचना मिली।उन्होंने बताया कि आबकारी निरीक्षक को मिली सूचना के आधार पर ग्राम लाइन तोला में घेरेबंदी की गयी और खेतों के बीच में छुपाकर रखी गयी 21 पेटी शराब को बरामद कर लिया गया। पेटियों में शराब की कुल 630 शीशी को जब्त किया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि इस ऑपरेशन में सशस्त्र सीमा बल के जवानों का पूरा सहयोग मिला। नेपाल के रास्ते हो रही शराब की तस्करी को रोकने के लिए सशस्त्र सीमा बल दिन-रात निगरानी रखती है। ऑपरेशन में जवानों की मौजूदगी से बहुत ही बल मिला है। मौके पर कोई व्यक्ति पकड़ा नहीं गया है। आगे की कार्यवाही की जा रही है।


