लखनऊ : (Lucknow) चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (Chaudhary Charan Singh International Airport) (अमौसी एयरपोर्ट) पर रनवे का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इसके चलते आज (01 मार्च) से आठ घंटे तक रनवे बंद रहेगा। यह सिलसिला 15 जुलाई तक जारी रहेगा और इस दौरान यहां से संचालित होने वाली करीब 16 उड़ान सेवाएं निरस्त रहेंगी।
एयरपोर्ट प्रवक्ता रूपेश कुमार (Airport spokesperson Rupesh Kumar) ने शनिवार को बताया कि उड्डयन महानिदेशालय से मंजूरी मिलने के बाद टर्मिनल टी-3 के रनवे की रिकारपेटिंग का कार्य कराया जाना है। इस कार्य की शुरूआत आज से हाे गई है। जिसके चलते सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक उड़ान सेवाएं बाधित रहेगी। यह रिकारपेटिंग 15 जुलाई तक जारी रहेगा। इस बीच 16 उड़ानें निरस्त हुईं हैं, जिसमें नौ उड़ानें इंडिगो की हैं। इस अवधि में दिल्ली, मुंबई और इंदौर की हवाईं यात्राओं की संख्या काे कम दिया गया है।सुबह 10 बजे से पहले और शाम छह बजे के बाद करीब 132 उड़ानें सामान्य रूप से संचालित होंगी। उन्होंने बताया कि रनवे का रखरखाव जरूरी है, इससे कार्य से रनवे पहले से और अधिक आधुनिक व सुरक्षित बनेगा। वर्तमान में यहां से रोजाना करीब 155 विमानों की आवाजाही होती है, जिसमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि यूपी में पहली बार इतना उन्नत रनवे बनाया जा रहा है, जिसमें एलईडी लाइटिंग और मजबूत रनवे प्रोफाइलिंग होगी। सबसे खास बात यह है कि नई तकनीक से बिजली की खपत भी आधी हो जाएगी। नया रनवे तैयार होने के बाद फ्लाइट्स के लैंडिंग और टेकऑफ में लगने वाला समय भी कम हो जाएगा। उन्हाेंने बताया कि यात्रियों को फ्लाइट्स से जुड़ी जानकारियां दे दी गई हैं ताकि उन्हें कोई परेशानी न हो।


