कोलकाता: (Kolkata) बांकुड़ा के आद्रा शहर में तृणमूल अध्यक्ष धनंजय चौबे की हत्या के मुख्य आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने बुधवार को आरोपित के पास से एक बंदूक भी बरामद की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित का नाम आरजू मलिक है। उसका घर बिहार के जमुई इलाके में है।
आद्रा सिटी तृणमूल अध्यक्ष धनंजय की पिछले गुरुवार शाम पार्टी कार्यालय में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों की गोलीबारी में धनंजय के अंगरक्षक, राज्य पुलिस कांस्टेबल शेखर दास भी घायल हो गए थे। हमलावरों द्वारा तृणमूल नेता और उनके अंगरक्षक को गोली मार कर भागने के बाद, स्थानीय लोग दोनों को रघुनाथपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने धनंजय को मृत घोषित कर दिया। बाद में शेखर को दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उनकी सेहत में सुधार है।
वारदात के बाद पुलिस ने आनन-फानन में एक विशेष जांच टीम का गठन किया। पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक अभिजीत बनर्जी उस टीम के प्रमुख थे। हत्या के बाद राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने धनंजय के परिजनों से बात की थी। राज्य के कानून मंत्री मलय घटक धनंजय के घर गये थे।पुलिस सूत्रों के मुताबिक, धनंजय के शरीर में तीन गोलियां लगीं थीं। मुख्य आरोपित आरजू काफी दिनों से झारखंड के बोकारो में रह रहा था। वह वहीं से रेलवे सिंडिकेट चलाता था। कथित तौर पर उसके पास से 7.65 मिमी की पिस्तौल बरामद की गई है।
हत्या के अगले दिन शुक्रवार को पुरुलिया के बेटो ग्राम पंचायत के दो कांग्रेस उम्मीदवारों अरशद हुसैन और मोहम्मद जमाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इलाके से एकत्र सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। जिला पुलिस अधीक्षक अभिजीत बनर्जी ने कहा, ‘आद्रा पुलिस स्टेशन ने उन दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है जिनके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी। अब हत्या आरोपित भी पकड़ा गया है। पूछताछ जारी है।’


