कोलकाता : कलकत्ता हाई कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस तीर्थंकर घोष ने कहा है कि लिप्स एंड बाउंड्स कंपनी जहां ईडी के अधिकारी ने 16 फाइलें डाउनलोड की है उसे वह देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उन फाइलों की प्रति कोर्ट में लाकर जमा की जाए। जज ने शुक्रवार को कहा, ”मैं देखूंगा कि उन 16 फाइलों में क्या है। इसे शनिवार को ले आओ। मैं इस बारे में सभी विवादों का निपटारा करना चाहता हूं।”
पिछले हफ्ते सोमवार को छापेमारी के दौरान ईडी के एक अधिकारी ने भर्ती भ्रष्टाचार मामले में तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी की संस्था लिप्स एंड बाउंड्स के कंप्यूटर पर 16 फाइलें डाउनलोड कीं। कंपनी के एक कर्मचारी ने आरोप लगाया कि फ़ाइल अवैध रूप से डाउनलोड की गई थी। कोलकाता पुलिस उस शिकायत की जांच शुरू कर चुकी है।
गत सोमवार को ईडी ने इस कंपनी में छापेमारी की थी जहां 18 घंटे तक तलाशी अभियान चला था। उसके बाद कंपनी के कर्मचारी चंदन बनर्जी ने दावा किया था की ईडी अधिकारियों ने कंप्यूटर में 16 फाइलें डाउनलोड की है। इस संबंध में कोलकाता पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद ईडी ने एक बयान में कहा था कि जांच में शामिल एक अधिकारी ने अपनी बेटी के लिए कोलकाता में अच्छे कॉलेज हॉस्टल की तलाश की थी। उसी से संबंधित फाइलें हैं। उनका जांच से कोई संबंध नहीं है।


