spot_img

Khunti : लूट मामले का खुलासा, चार गिरफ्तार

खूंटी : अड़की की दुकानों में आटा सप्लाई कर वापस खूंटी लौट रहे लक्ष्मी आटा कंपनी के सप्लाई वाहन में सवार कंपनी के मुंशी से हेमरोम बाजार से कुछ दूर आगे मोड़ के पास दो बाइक में सवार चार अपराधियों ने शुक्रवार को धारदार हथियार की नोंक पर एक लाख पांच हजार रूपये लूटे जाने के मामले में शामिल चार अपराधियों को 24 घंटे के अंदर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधियों में कंपनी के सप्लाई वाहन का चालक अड़की थानांतर्गत तोड़ांग गांव निवासी गोला मुंडा, कोरबा गांव के मोनो मिर्धा व पांडु मुंडा तथा खूंटी थाना अंतर्गत चितरामू गांव के फगुवा मिर्धा शामिल हैं।

गिरफ्तार अपराधियों ने पुलिस के समक्ष अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। इनकी निशानदेही पर आटा कंपनी के मुंशी से लूटे गए रुपयों में से लगभग 77 हजार रुपए, लूट में प्रयुक्त दो बाइक, एक धारदार हथियार दाउली, विभिन्न कंपनियों के चार मोबाइल सहित अन्य सामान बरामद कर लिया है। यह जानकारी खूंटी एसडीपीओ अमित कुमार ने शनिवार शाम अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। एसडीपीओ ने बताया कि लूट की इस घटना की साज़िश सप्लाई वाहन के चालक गोला मुंडा ने रची थी। उसने अपने सहयोगियों से मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया था।

एसडीपीओ ने बताया कि मुख्य आरोपित गोला मुंडा और उसके प्रमुख सहयोगी मोनो मिर्धा का अपराधिक इतिहास रहा है। दोनों के विरुद्ध अड़की थाना में हत्या का एक-एक मामला दर्ज है। कांड के उद्भेदन के लिए एसडीपीओ अमित कुमार के नेतृत्व में गठित एसआईटी में अड़की थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, अड़की थाना के पुअनि शशि प्रकाश, मनोज तिर्की, उत्तम कुमार, बिरजु प्रसाद, अर्जुन कुमार सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Explore our articles