खूंटी:(Khunti) खूंटी-तोरपा मुख्य मार्ग पर तोरपा थाना क्षेत्र के दियांकेल गांव के पास रविवार सुबह दो ट्रकों की हुई भिड़ंत में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए। जानकारी के अनुसार एक ट्रक पाइप लेकर राउरकेला से जमशेदपुर जा रहा था।
दियांकेल गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक अन्य ट्रक ने उसे ठोकर मार दी। इससे पाइप लदे ट्रक का चालक अमरजीत कुमार घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे रेफरल अस्पताल तोरपा में भर्ती कराया गया है। चालक की स्थिति खतरे से बाहर बताई जाती है। वह मानगो जमशेदपुर का रहनेवाला है। इधर, दो ट्रकों की भिड़ंत को देखकर तोरपा की ओर से खूंटी जा रहे एक पिकअप वैन के चालक ने दुर्घटना स्थल से कुछ दूर पहले ही जोरदार ब्रेक लगा दिया। इससे पिकअप वैन सड़क के किनारे उलट गया। इस दुर्घटना में ंचालक और खलासी को मामूली चोट आई है।


