
खार्तूम (सूडान) : (Khartoum (Sudan)) विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) (World Health Organization) ने सूडान में एक प्रमुख अस्पताल पर हमले की पुष्टि की है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयसस (WHO Director-General Tedros Adhanom Ghebreyesus) ने कहा कि इस बार सूडान के पूर्वी दारफुर की राजधानी अल डाइन (Al Daein—the capital of East Darfur, Sudan) में स्थित अल डाइन टीचिंग हॉस्पिटल पर हमला किया गया। हमले में कम से कम 64 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 13 बच्चे, दो महिला नर्सें, एक पुरुष डॉक्टर और कई मरीज शामिल हैं।
घेब्रेयसस ने एक्स पोस्ट में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस घटना के परिणामस्वरूप सूडान में युद्ध के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं पर हुए हमलों से जुड़ी मौतों की कुल संख्या अब 2000 के पार हो गई है। लगभग तीन साल से चल रहे इस संघर्ष के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं पर हुए 213 हमलों में 2036 लोग मारे गए हैं। इनमें शुक्रवार रात अल डाइन में हुआ हमला भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि इस ताजा हमले में 89 लोग घायल हुए हैं। हमले में अस्पताल के पीडियाट्रिक, मैटरनिटी और इमरजेंसी विभागों को भी नुकसान पहुंचा है। कुल मिलाकर, इस युद्ध के दौरान अब तक स्वास्थ्य सेवाओं पर हुए हमलों में 720 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। इस हमले से हुए भारी नुकसान के कारण अल डाइन टीचिंग हॉस्पिटल (Al Daein Teaching Hospital)इस समय काम नहीं कर रहा है।इसके चलते जरूरी चिकित्सा सेवाओं में गंभीर रुकावट आ गई है।


