
इंडिया ग्राउंड रिपोर्ट डेस्क
कौशांबी:(Kaushambi) मंझनपुर थाना क्षेत्र के देवखरपुर गांवके समीप बेकाबू कार ने साइकिल सवार छात्रा को टक्कर मारदी। हादसे के बाद छात्रा की साइकिल कार में फंस गई और वह 200 मीटर तक घिसटती रही। राहगीरों के शोर मचाने पर कार सवार ने कार रोकी। हादसे की सूचना मिलते ही मुकामी पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल छात्रा को हास्पिटल पहुंचाया। पुलिस ने कार और टूट चुकी साइकिल को कब्जे में ले लिया है।
इस मामले में मंझनपुर के देवखऱपुर की रहने वाली रेनू देवी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी साइकिल से कंप्यूटर सेंटर जा रही थी। इसी दौरान कार ने उसे टक्कर मार दी। दूसरी तरफ इस मामले में मंझनपुर पुलिस का कहना है कि साइकिल सवार छात्रा और कार का एक्सीडेंट हो गया था। उस मामले में छात्रा और कार सवार, दोनों को चोटें आई हैं। छात्रा का इलाज चल रहा है और स्थिति सामान्य है। कार सवार को हिरासत में ले लिया गया है। उसकी भी स्थिति सामान्य है। सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया और कार को भी कब्जे में ले लिया।
इस मामले में एएसपी ने बताया कि कार सवार द्वारा छात्रा को 200 मीटर घसीटे जाने की सूचना झूठी है। कार में साइकिल फंसने के बाद क्षतिग्रस्त हो गई थी। दुर्घटना के बाद कार वहीं रुक गया और कार सवार भी घायल हो गया था। मामले की जांच की जा रही है।


