
इंडिया ग्राउंड रिपोर्ट डेस्क
कौशांबी: (Kaushambi) चरवा थाना क्षेत्र से मंगलवार को दोपहर एक बजे एक व्यक्ति के अपहरण की सूचना जांच में फर्जी पाई गई है। एसपी कौशांबी ने बताया कि उक्त व्यक्ति के अपहरण की सूचना पर जब पूरे मामले की गहराई से जांच की गई तो प्रकरण झूठा पाया गया। एक अन्य मुकदमे में अभियुक्त के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए अपहरण का नाटक किया गया। फिलहाल तथाकथित अपहृत को लखनऊ से बरामद कर लिया गया है। वह लखनऊ से बरामद किया गया है।
बताते चलें कि मंगलवार को दोपहर एक बजे डायल 112 पर चरवा थाना क्षेत्र से सूचना दी गई कि कुछ लोगों ने एक व्यक्तिका अपहरण कर लिया है। इस सूचना के मिलते ही डायल 112 की पुलिसके साथ मुकामी पुलिस मौके पर पहुंच गई और अपहरण के मामले को गंभीरता से लेते हुए छानबीन शुरू कर दी गई।
एसपी ने बताया कि छानबीन के दौरान पता चला कि जिस व्यक्ति के अपहरण की सूचना दी गई थी, उसने अपनी बेटी के मामले में पुलिस को तहरीर दी थी। उसी मामले में कुछ लोगों ने उसे यह सलाह दे दी कि यदि वह अपने अपहरण की शिकायत पुलिस से कर लेगा तो उसके द्वारा बेटी के मामले में की गई शिकायत में आरोपी की जमानत नहीं होगी। एसपी ने बताया कि पूरे मामले की गहराई से छानबीन की गई और सर्विलांस की मदद से तथाकथित अपहृत को लखनऊ से बरामद कर लिया गया। पूछताछ में पता चला कि वह कुछ लोगों के कहने पर बस द्वारा लखनऊ गया था। अपहरण के महज आठ घंटे के भीतर ही बरामदगी के मामले में एसपी ने कहा कि अपहरण की साजिश रचने के लिए उकसाने वालों की जांच की जा रही है। सभी के खिलाफ न्याय संगत कार्रवाई की जाएगी।


