कठुआ : बीते सोमवार को जिला उपायुक्त राकेश मिन्हास के साथ विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों ने कठुआ शहर का दौरा कर शहर की स्थिति का जायजा लिया था। जिसके बाद मंगलवार को नगर परिषद कठुआ के सीईओ, एआरटीओ कठुआ और पुलिस प्रशासन से डीएसपी मुख्यालय मनजीत सिंह के साथ एसएचओ कठुआ ने कठुआ शहर के मुख्य चैक चैराहों का दौरा कर शहर का सर्वेक्षण किया।
इस सर्वेक्षण का उद्देश्य आने वाले दिनों में शहर के मुख्य चैक चैराहों पर बढ़ती जाम की समस्या से निजात दिलवाने के लिए ट्रेफिक लाइट सिगनल का प्रावधान है। इसी को लेकर जिला प्रशासन की ओर से कठुआ शहर के मुख्य चैराहों का सर्वेक्षण किया गया। इसी प्रकार कठुआ शहर में बढ़ते ई रिक्शा की वजह से बढ़ते जाम की समस्या और शहर के फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने पर भी चर्चा की गई। सीईओ कठुआ और एआरटीओ कठुआ ने बताया कि जिला उपायुक्त के दिशा निर्देश अनुसार आज कठुआ शहर के मुख्य चैराहों का सर्वेक्षण किया गया है क्योंकि कठुआ शहर में दिन-प्रतिदिन जनसंख्या के साथ-साथ यातायात भी बढ़ रहा है। जिसकी वजह से शहर में जाम की समस्या बन रही है। इसी प्रकार कठुआ शहर के फुटपाथों पर भी अतिक्रमणकारियों का बोलबाला है। इन सब को लेकर पूरे शहर का सर्वेक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि शहर के मुख्य चैराहों को चिन्हित किया गया है जहां पर ट्रेफिक लाइट सिगनल की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि कठुआ शहर में ई-रिक्शा का चलन तेजी से बढ़ रहा है जिसकी वजह से जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इसलिए ई रिक्शा वालों के लिए हर एक चैराहों पर स्टैंड बनाए जाएंगे। इन सब को लेकर एक रिपोर्ट तैयार की जाएगी और उपायुक्त को सौंपी जाएगी। जिसके बाद शहर की बेहतरी के लिए निर्णय लिए जाएंगे। वहीं जिला प्रशासन ने अपील की है कि फुटपाथ से अतिक्रमण हटा लें अतिक्रमण होने की वजह से आम जनता को मजबूरन सड़क के बीचोबीच चलना पड़ता है। जिसके चलते आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह का अभियान रोजाना चलाया जाएगा और अगर कोई भी यातायात का उल्लंघन करता या फुटपाथ पर अतिक्रमण करता पाया गया तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


