काठमांडू: (Kathmandu) नेपाल के पूर्व उप प्रधानमंत्री टोप बहादुर रायमाझी को कोर्ट ने 3 दिनों तक पुलिस हिरासत में रखने की इजाजत दे दी है। सोमवार को काठमांडू जिला कोर्ट ने पुलिस को यह अनुमति दी है।
रायमाझी फर्जी भूटानी शरणार्थियों के मामले में आरोपित हैं। उन्हें रविवार रात काठमांडू से गिरफ्तार किया गया था। वारंट जारी होने के बाद से वह फरार थे। पुलिस ने सोमवार को बयान दर्ज करने के बाद कोर्ट में पेश किया। फर्जी शरणार्थी मामले में रायमाझी के बेटे संदीप रायमाझी को दो हफ्ते पहले ही गिरफ्तार किया गया था। इस मामले के आरोपित पूर्व गृह मंत्री बालकृष्ण खंड के बयान भी दर्ज किये गए हैं।फर्जी शरणार्थी के मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन सभी पर नकली भूटानी शरणार्थी बनाकर सैकड़ों लोगों को अमेरिका भेजने का आरोप है।


