
काठमांडू : (Kathmandu) मध्यपूर्व में बढ़ते तनाव का असर काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (टीआईए) (Kathmandu’s Tribhuvan International Airport) के संचालन पर भी पड़ा है, जिसके कारण सैकड़ों यात्री फंसे हुए हैं।
खाड़ी क्षेत्र के कई हवाई अड्डों शारजाह, दोहा, दुबई, कुवैत सिटी, अबू धाबी और दमाम में (Sharjah, Doha, Dubai, Kuwait City, Abu Dhabi, and Dammam) संचालन निलंबित होने के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इसके परिणामस्वरूप रविवार को काठमांडू से प्रस्थान और आगमन करने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। शनिवार से ही यात्री हवाई अड्डे पर फंसे हुए हैं और रविवार सुबह कई यात्रियों को असमंजस की स्थिति में प्रतीक्षा करते देखा गया। टर्मिनल परिसर में विभिन्न स्थानों पर उड़ान रद्द होने की सूचनाएं चस्पा की गई हैं।
त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से जारी सूचना के अनुसार अगले आदेश तक कतर एयर, फ्लाई दुबई, एमिरेट्स एयर, कुवैत एयर, एयर अरेबिया सहित नेपाल से खाड़ी देशों में जाने वाले हिमालयन एयरलाइंस और नेपाल एयरलाइंस की उड़ाने भी रद्द की गई है।


