कानपुर : काकादेव थाना की पुलिस 7 जून को बेकरी कारोबारी के घर हुई लाखों की चोरी का खुलासा करते हुए उनके कार चालक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी गया नगदी एवं जेवरात समेत लाखों का सामान और तमंचा बरामद किया। यह जानकारी गुरुवार को अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक मो. नईम खान ने दी।
पकड़े आरोपितों में रावतपुर थाना क्षेत्र के सैयद नगर निवासी राहुल गुप्ता, विमल दिवाकर उर्फ हनी, सिद्धार्थ कुशवाहा उर्फ सचिन एवं सचिन वर्मा निवासी उपरोक्त है। पूछताछ के दौरान बताया कि राहुल गुप्ता कार चालक है, वह बीच में कुछ दिन के लिए काम छोड़कर चला गया था, लेकिन बाद में बीते कुछ दिनों से फिर से कार चलाने लगा और उसकी नियत खराब हो गई और चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए राहुल ने अपने दोस्त सिद्धार्थ, विमल दिवाकर और सचिन वर्म के साथ चोरी की योजना बनाई। 7 जून को बेकरी कारोबारी अपने परिवार के साथ कहीं चला गया। इस दौरान राहुल गुप्ता ने वारदात को अंजाम देने के लिए रेकी कराया और वारदात की रात पीछे से खिड़की तोड़कर प्रवेश किया था।
उल्लेखनीय है कि 7 जून को बेकरी कारोबारी जय किशन तहिलरामानी निवासी पांडु नगर रावतपुर ने सूचना दिया कि उसके घर लाखों की चोरी हो गई। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। हालांकि सीसीटीवी देखने के दौरान उक्त घटना को अंजाम देने वाले नकाब पोश युवकों की शिनाख्त हो गई और मुखबिर की सूचना पर आज गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने चारों युवकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।


