
इंडिया ग्राउंड रिपोर्ट डेस्क
कानपुर:(Kanpur) समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के विधायक इरफान सोलंकी (MLA Irfan Solanki) और उनके छोटे भाई ने 24 दिनों के बाद शुक्रवार की सुबह यहां पुलिस आयुक्त के कैंप कार्यालय में आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफतार कर लिया गया। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी ।
अधिकारी ने बताया कि आत्मसमर्पण के समय उनके साथ आर्य नगर और कानपुर कैंट के सपा विधायक क्रमशः अमिताभ बाजपेयी और मोहम्मद हसन उर्फ रूमी और उनके परिवार के सदस्य मौजूद थे।
पुलिस आयुक्त बीपी जोगदंड ने पीटीआई-भाषा को बताया कि सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी ने उनके कैंप कार्यालय में उनके समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया उसके बाद पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया।
जोगदंड ने कहा कि सीसामऊ (कानपुर) से सपा विधायक और उनके भाई को आज एक अदालत में पेश किया जाएगा। अधिकारी ने बताया, “अगर जरूरत पड़ी तो हम पुलिस हिरासत की मांग करेंगे।”
पत्रकारों से बात करते हुए, पुलिस उपायुक्त (अपराध) सलमानताज जफरताज पाटिल ने कहा कि पुलिस को विधायक तथा उनके भाई की तलाश थी, क्योंकि इन दोनों के खिलाफ गत आठ नवंबर को जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद में नजीर फातिमा नामक महिला के घर में तोड़फोड़ और आगजनी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था ।


