spot_img

Kanpur : उप्र में हल्की बारिश से बढ़ी गलन, गिरा तापमान

कानपुर : अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवातों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है और बराबर हल्की बारिश हो रही है। शुक्रवार को भी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जनपदों में बौछारें पड़ने से तापमान गिर गया और गलन बढ़ गई। मौसम विभाग का कहना है कि अभी दो दिन ऐसा ही मौसम बना रहेगा। इसके बाद सिहरन भरी सर्दी उत्तर प्रदेश सहित बिहार में कहर बरपाएगी। हल्की बारिश के साथ पहाड़ों से आ रही सर्द हवाएं भी सर्दी बढ़ाने में कारगर साबित हो रही हैं।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि दक्षिणपूर्व अरब सागर और लक्षद्वीप के आसपास के क्षेत्रों पर एक चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। एक ट्रफ रेखा दक्षिण-पूर्व अरब सागर पर बने चक्रवाती परिसंचरण से तटीय कर्नाटक तक चल रही है। दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

पश्चिमी विक्षोभ को उत्तरी हरियाणा के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में देखा जाता है जो औसत स्तर से 3.1 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। आठ जनवरी से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत के पास पहुंचने की उम्मीद है। इससे सर्द भरी हवाएं उत्तर प्रदेश और बिहार तक पहुंचेगी जिससे सिहरन भरी सर्दी लोगों को परेशान करेगी।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 16.0 और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 95 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 96 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 2.6 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण 5, 6 और 9 से 11 के मध्य तेज हवाओं, गरज़-चमक एवं ओलावृष्टि के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही प्रातःकाल एवं रात्रि के समय शीत लहर/घने कोहरा छाये रहने के आसार है।

Explore our articles