कानपुर : नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के तहत कानपुर में नामांकन प्रक्रिया चल रही है और रोजाना उम्मीदवार नामांकन करा रहे हैं। शनिवार को छठे दिन कांग्रेस मेयर की उम्मीदवार आशिनी अवस्थी नगर निगम स्थित नामांकन कक्ष पहुंची। नामांकन की प्रक्रिया होते होते अक्षय तृतीया का शुभ मुहूर्त निकल गया तो उन्होंने नामांकन कराने से मना कर दिया। बताया कि अब नामांकन रविवार को कराया जाएगा।
अक्षय तृतीय के शुभ मुहूर्त में महापौर और पार्षद पद के उम्मीदवार बड़ी संख्या में नामांकन कराने पहुंचे। हालांकि भाजपा की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा नहीं हुई जिसके चलते राजनीतिक सरगर्मियां अभी धूमिल चल रही है। लेकिन उम्मीदवार नामांकन कराने में अब तेजी ला रहे हैं और इसी कड़ी में कांग्रेस की मेयर उम्मीदवार आशिनी अवस्थी भी अपने समर्थकों के साथ नगर निगम स्थित नामांकन कक्ष पहुंची। नामांकन प्रक्रिया में काफी समय हो गया और जैसे ही उनका फार्म नामांकन के लिए अधिकारियों के पास पहुंचा तो उम्मीदवार ने देखा कि शुभ मुहूर्त अक्षय तृतीया का समय निकल गया। इस पर उम्मीदवार ने अपना पर्चा वापस लेते हुए बिना नामांकन कराये नामांकन कक्ष से बाहर निकल आईं और कहा कि अब रविवार को या तो सोमवार को नामांकन शुभ मुहूर्त के अनुसार कराएंगे। वहीं भाजपा ने अभी तक न तो महापौर और न ही पार्षद पद के लिए लिस्ट जारी की है। ऐसे में पार्षद पद के दावेदार गुपचुप तरीके से निर्दलीय के रूप में नामांकन दाखिल कर रहे हैं।
भाजपा उम्मीदवारों में बढ़ रही बेचैनी
भाजपा में टिकट को लेकर अब उम्मीदवारों में भी बेचैनी काफी बढ़ गई है, क्योंकि न तो मेयर का उम्मीदवार घोषित हुआ और न ही पार्षद पद के। इसी प्रकार कांग्रेस और बसपा के पार्षद उम्मीदवार भी लिस्ट के इंतजार में बैठे हैं। वहीं ज्यादातर प्रत्याशी अपना नामांकन निर्दलीय के रूप में दाखिल कर रहे हैं। प्रत्याशियों के मुताबिक पार्टी से सिंबल लेटर मिलने के बाद नामांकन का दूसरा सेट दाखिल कर देंगे। कल तक सभी पार्टियों की लिस्ट जारी हो सकती है।
दो दिन बचे हैं शेष
कानपुर में नगर निकाय का चुनाव दूसरे चरण के तहत हो रहा है और 17 अप्रैल से नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। नगर निगम मुख्यालय में शहर और बिठूर पंचायत के लिए नामांकन प्रक्रिया की जा रही है। आज नामांकन का छठवां दिन है। नामांकन के लिए आखिरी दो दिन शेष बचे हैं। सभी पार्टियों में हर वार्ड में तीन-तीन दावेदारों को पैनल तैयार किया गया है। ऐसे में अभी सभी दावेदार सिर्फ सोशल मीडिया पर ही प्रचार-प्रसार करने में जुटे हुए हैं।


