spot_img

Kannauj : आपरेशन दृष्टि के तहत कालेजो के पास सीसीटीवी कैमरे लगवाने का निर्देश

प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने की समग्र विकास की विंदुबार समीक्षा

कन्नौज : स्वास्थ्य विभाग अपने कार्याें में सुधार लायें। महिला अपराधों पर विशेष ध्यान दिया जाए। आपरेशन कन्वेंशन पर विशेष फोकस किया जाये। जब ग्राम सचिवालय की व्यवस्था दुरूस्त होगी तभी विकास संभव है। पौधे लगाना जरुरी है लेकिन उसे कैसे बचाये यह बहुत महत्वपूर्ण है। आपरेशन दृष्टि के तहत कालेज, इंटर कालेज के पास सीसीटीवी कैमरा लगवाये जाये। यह निर्देश शुक्रवार को प्रदेश की उच्च शिक्षा मंत्री और जिले की प्रभारी रजनी तिवारी ने जिले के समग्र विकास की मासिक समीक्षा बैठक के दौरान दिए।

इस दौरान मंत्री ने माटी कला योजना के अन्तर्गत प्रजापति समाज के लाभार्थियों को इलेक्ट्रिक चाक किट वितरित की। इस मौके पर उन्होनें 10 पंचायत सचिवों को लैपटाप भी वितरित किया। बैठक में प्रभारी मंत्री ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते कहा कि कानून व्यवस्था अच्छी होनी चाहिए। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर देश व प्रदेश विश्वास कर रहा है। प्रदेश में योगी जी की सरकार में कानून व्यवस्था अच्छी चल रही है और जनपद में भी अच्छी होनी चाहिए। आपरेशन दृष्टि का संचालन अच्छी पहल है। आपरेशन दृष्टि के तहत कॉलेज, इंटर कॉलेज, गर्ल्स कॉलेज के गेट, चौराहों पर सी0सी0टी0वी कैमरा लगाये जाने की व्यवस्था की जाये, ताकि महिलाओं, छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष निगरानी की जा सके।

उन्होंने कहा कि महिला अपराधों पर विशेष ध्यान दिया जाए। आपरेशन कन्वेंशन पर विशेष फोकस किया जाये, ताकि अपराधियों को कोर्ट में जल्द से जल्द सजा दिलायी जा सके। उन्होंने कहा कि जेल में जो कैदी बहुत समय से बंद है और जिनका जुर्माना बहुत कम है ऐसे कैदियों को चिन्हित किया जाये। जानकारी दी गई कि 758 पर गुण्डाएक्ट की कार्यवाही की गई है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कोई भी घटना संज्ञान में आती है तो तत्काल कार्यवाही की जाये।

मंत्री ने कहा कि मुद्रा लोन के जो पात्र लाभार्थी है उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत नही होनी चाहिए। मुद्रा लोन गरीब व्यक्तियों के उत्थान के लिये संचालित की गई है। बैंक व संबंधित विभाग मिलकर कार्य करें। लाभार्थियों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना बहुत ही अच्छी योजना है। इसमें सभी विभागों को लगाकर कार्य करना होगा और गरीब लोगों को लाभ दिलाना होगा। कहा कि अभ्युदय योजना सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। जो गरीब आर्थिक तंगी की वजह से सिविल सर्विसेज की तैयारी नहीं कर पाते हैं उनके लिए यह योजना एक वरदान है। अभ्युदय योजना में सिविल, जेई, आदि कोर्स की अच्छी पढ़ाई होती है। यहां से पढ़कर बच्चे अपना भविष्य उज्जवल बना सकते हैं। जानकारी दी गई कि पीएसएम कालेज में कोंचिग सेंटर का संचालन किया जा रहा है और छिबरामऊ व तिर्वा में संचालन कराया जाना प्रस्तावित है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत किसानों को 14वीं किस्त जारी की जा चुकी है। यह किसानों के लिए हितकारी है। कोई भी पात्र किसान सम्मान निधि से वंचित नहीं रहना चाहिए। ज्यादा से ज्यादा कैंप लगाकर पात्र किसानों को किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित कराया जाये। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग के अन्तर्गत आयोजित होने वाली किसान पाठशाला में जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएं।

मंत्री ने निर्देश दिये कि जनपद में निर्माणाधीन 35 गौशालाएं का निर्माण कार्य यथाशीघ्र पूर्ण किया जाये। कोई भी गौंवश इधर-उधर घूमता हुआ नही दिखना चाहिये। गौशालाओ में हरे चारे की व्यवस्था, साफ-सफाई आदि पर विशेष ध्यान दिया जाये। उन्होंने वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा करते हुये कहा कि लक्ष्य के सापेक्ष जो 15 प्रतिशत वृक्षारोपण कार्य अभी शेष है उसे 15 अगस्त तक पूरा कर लिया जाए। जिन विभागों ने वृक्षारोपण किये हैं उनकी समय समय पर देख रेख रखें। उनको सुरक्षित रखना हम सब लोगों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना जरुरी है लेकिन उसे कैसे बचाये यह बहुत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिये कि अस्पताल में सभी व्यवस्थाये सुव्यवस्थित होनी चाहिये। जो मरीज अस्पताल में आते है उन्हे सभी दवायें उपलब्ध होना चाहिये। प्रत्येक मरीज अस्पताल से संतुष्ट होकर जाना चाहिये। डाक्टर मरीजो के साथ मधुर व्यवहार रखें। रोगियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को छम्य नही किया जायेगा। सभी पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बने होने चाहिये। यह सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओ मे से एक है। इस योजना के अन्तर्गत कोई भी पात्र लाभार्थी नही छूटना चाहिये।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि कोई भी बच्चा विद्यालय से वंचित नहीं रहना चाहिए। बच्चे प्रतिदिन विद्यालय आये ऐसे प्रयास किये जाये। शिक्षक स्कूल में समय से उपस्थित हो। विद्यालय में बच्चों को रोस्टर के अनुसार भोजन दिया जाए। विद्यालय में पानी की व्यवस्था, बिजली, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था आदि सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से होनी चाहिए।

उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिये कि ग्रामो में निर्धारित समयानुसार बिजली की आपूर्ति होना चाहिये। कहा कि जो बिजली की शिकायत प्राप्त हो उनका निस्तारण समय से किया जाये। संज्ञान में आाया है कि विद्युत विभाग के अधिकारियों, कर्मचरियों के द्वारा काल रिसीव नहीं की जाती है। निर्देश दिये कि विद्युत विभाग के अधिकारी, कर्मचारी आमजन द्वारा जो भी काल की जाये उसका जबाव देना सुनिश्चित करें व उनकी शिकायत का निस्तारण करें। ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य किया जाये। क्षमता के अनुरुप

ट्रांसफार्मर रखे जायें। जर्जर-टूटे तारों का मरम्मत का कार्य किया जाये। विजलेंस टीम द्वारा किसी भी व्यक्ति को अनैतिक रूप से न परेशान करें।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, इस योजना के अन्तर्गत हर घर जल योजना पर कार्य किया जा रहा है। इस योजना से लोगो को साफ, स्वच्छ पानी मिलेगा। कहा कि टंकी बनाने के बाद ही पाइप लाइन डालने का कार्य किया जाये। पाइप लाइन डालने से जो रोड खराब हैं उन्हें मरम्मत का कार्य कराएं। कोई भी आधे-अधूरे कार्य को बीच में न छोड़ा जाये। उन्होंने कहा कि आई0जी0आर0एस0 की शिकायत समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण कराया जाये। सभी अधिकारी अपने कार्यालय में जनता द्वारा प्राप्त होने वाली शिकायतों का निस्तारण ससमय से करें। पर्यटन के क्षेत्र में कार्य करने वाली कार्यदायी संस्था को विकास कार्याें की समीक्षा बैठक में बुलाया जाये। मां अन्नपूर्णा मन्दिर में जो भी कार्य करवाना हो, करवा लिये जाये। पंचवटी तालाब की सफाई यथाशीघ्र करायी जाये। कहा कि ग्राम सचिवालय की व्यवस्था ठीक होनी चाहिए। जब हमारे ग्राम के सचिवालय की व्यवस्था ठीक होगी, तभी हम व्यवस्थायें ठीक कर पायेगें।

बैठक में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनन्द, मुख्य विकास अधिकारी आर0एन0 सिंह, अपर जिलाधिकारी आशीष कुमार सिंह, पार्टी जिलाध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत आदि उपस्थित रहे।

Explore our articles