कल्याण : (Kalyan) महाराष्ट्र के कल्याण डोंबिवली में हल्दी समारोह के दौरान फायरिंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, कभी बर्थडे पार्टी में तलवार से केक काटना, तलवार लहराना, बंदूक के साथ जश्न मनाना… ऐसा ही एक नया वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें एक बीजेपी कार्यकर्ता हल्दी समारोह के दौरान हाथ में बंदूक लिए ‘मैं हूं डॉन’ गाने पर नाचते हुए नजर आता है. वीडियो में दिख रहा है कि शख्स सार्वजनिक स्थान पर बंदूक लेकर नाच रहा है, जिससे सवाल उठता है कि ऐसे सार्वजनिक स्थान पर बंदूक लहराना कितना उचित है, भले ही उनके पास लाइसेंस हो.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह घटना महाराष्ट्र के कल्याण स्थित उंबर्डे गांव की है, घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी है. इस मामले में भाजप कार्यकर्ता चिंतामण लोखंडे और उसके भाई शरद लोखंडे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुट गई है. साथ ही चिंतामन लोखंडे और शरद लोखंडे पर पहले से ही तीन-चार मामले दर्ज हैं. सवाल उठाया जा रहा है कि आखिर उन्हें बंदूक का लाइसेंस कैसे मिल गया ? सवाल उठ रहे हैं कि खड़कपाड़ा पुलिस चिंतामन लोखंडे और शरद लोखंडे से क्या जांच करने जा रही है.
स्थानीय नागरिकों ने इस घटना पर चिंता जताई है और कहा है कि ऐसी घटनाएं सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करती हैं. नागरिकों ने ऐसी घटनाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाने की आवश्यकता जताई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.


