जोधपुर : शहर के केरू गांव के पुनिया की प्याऊ में दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद को देखते हुए अस्थाई पुलिस चौकी लगाई गई है। यहां पर पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। दो दिन चले तनाव के बीच रविवार से यहां के बाजार खुल चुके हैं। फिलहाल यहां शांति है। इधर तीन प्रकरण दर्ज के बाद पुलिस ने अग्रिम जांच आरंभ की है। एसीपी प्रतापनगर अशोक आंजणा की तरफ से मामलों में तफ्तीश की जा रही है। एसीपी बोरानाडा एवं झंवर एसएचओ की ओर से दो प्रकरण पुलिस में दर्ज कराए गए है। एक मामला एक अन्य पक्ष ने दर्ज कराया है।
थानाधिकारी शकील अहमद ने बताया कि रविवार को यहां पर शांति है बाजार खुल चुके हैं। दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए अस्थाई चौकी शुरू की गई है जहां पर पुलिस के जवान 24 घंटे तैनात रहेंगे। सनद रहें कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण को लेकर दोनों पक्ष शुक्रवार को आमने-सामने हो गए थे। इसी बीच पथराव शुरू होने के चलते दोनों पक्षों के बीच से 25 लोगों को चोट पहुंची थी। वहीं कुछ पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं। बाद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोडक़र भीड़ को काबू किया। देर रात तक यहां पर तनाव की स्थिति बनी हुई थी। जिस जमीन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद है वहां पर जेडीए के बोर्ड लगाए गए हैं। वहीं पुलिस की ओर से भी चेतावनी के बोर्ड इस भूमि पर लगाए गए हैं अवहेलना करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
पुलिस ने इस में तीन प्रकरण अब तक दर्ज किए है। एसीपी प्रतापनगर अशोक आंजणा की तरफ से मामलों में जांच आरंभ की गई है। अब तक आठ लोगों को शांति भंग में पकड़ा गया है। उन्हें मुकदमें बाजी में नहीं पकड़ा गया है।


