जोधपुर : (Jodhpur) भीषण गर्मी के बीच रविवार से नौतपा शुरू होने वाला है। ऐसे में अगले नौ दिन भीषण गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखाने वाली है।
मौसम विभाग के अनुसार नौतपा के बीच ही जहां एक ओर हीटवेव का अलर्ट दिया है वहीं शाम होती ही तेज अंधड़ चलने की संभावना भी जताई है। इसी के साथ इस साल प्री-मानसून की एंट्री भी तय समय से पहले होगी। ऐसे में अगले नौ दिनों तक राजस्थान के मौसम में कई तरह की गतिविधियां देखने को मिलेगी। कहीं हीटवेव और प्रचंड गर्मी हालत खराब करेगी तो कहीं तेज अंधड़ से लोग परेशान होंगे वहीं हल्की सी मानसूनी बारिश से लोगों को थोड़ी राहत भी मिलेगी।
दरअसल, नौतपा गर्मी के मौसम के सबसे गर्म नौ दिनों को कहा जाता है। जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है। इस दौरान सूर्य की किरणें पृथ्वी पर सीधे (लंबवत) गिरती हैं, जिससे तापमान बहुत अधिक हो जाता है। ज्योतिष के अनुसार, यह समय कृषि और मानसून की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है।


