जोधपुर : (Jodhpur) विश्व प्रसिद्ध शामिन स्टोन फेयर चीन में पहली बार इंडिया स्टोन मार्ट 2026 के अंतरराष्ट्रीय प्रचार के लिए एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल भाग ले रहा है। इस ऐतिहासिक पहल के तहत सीडोस और लघु उद्योग भारती द्वारा संयुक्त रूप से फेयर में इंडिया स्टोन मार्ट 2026 के प्रचार के लिए एक विशेष स्टॉल लगाई गई है। इस स्टॉल का उद्घाटन भारतीय राष्ट्रीय गान के साथ किया गया, जो कि भारतीय पत्थर उद्योग की वैश्विक पहचान और गौरव का प्रतीक है। उद्घाटन समारोह का एक वीडियो भी जानकारी के लिए साझा किया गया है।
लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष जोधपुर प्रान्त महावीर चौपड़ा ने बताया कि इस दौरान लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव नरेश पारीक, उपाध्यक्ष नटवरलाल अजमेरा, वित्तीय सलाहकार योगेश गौतम, प्रांत संयुक्त महामंत्री सुरेश कुमार विश्नोई तथा सीडोस (सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ स्टोन्स) की ओर से वरिष्ठ उप महाप्रबंधक विवेक जैन भारतीय पत्थर उद्योग का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यह पहल भारतीय प्राकृतिक पत्थरों की वैश्विक बाजार में सशक्त उपस्थिति स्थापित करने और इंडिया स्टोन मार्ट 2026 के अंतरराष्ट्रीय प्रचार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। यह अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी 19 मार्च तक आयोजित की जा रही है, जिसमें पत्थर उद्योग के प्रमुख विशेषज्ञ, निर्माता, व्यापारी और विश्वस्तरीय कंपनियां हिस्सा ले रही हैं।