spot_img

Jind : शराब नहीं पीने की सलाह दी तो भतीजे ने कर दी चाचा की हत्या

जींद : शराब नहीं पीने की सलाह देने पर हुई कहासुनी के चलते गतौली गांव में भतीजे ने मोटरसाइकिल पर जा रहे अपने चाचा की मोटरसाइकिल को कार से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जब मोटरसाइकिल गिर गई तो लोहे की राड से चाचा पर हमला कर दिया। चोट इतनी गहरी थी कि अस्पताल में डाक्टरों ने 55 वर्षीय राममेहर को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और सामान्य अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने भतीजे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव गतौली निवासी जगमहेंद्र ने जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार रात को वह और उसका भाई राममेहर खेतों में पशुओं की रखवाली के लिए गए हुए थे। जब वह खेतों में बैठे तो इसी दौरान गांव का ही अमित शराब के नशे में धुत्त होकर आया। जहां पर मेरे भाई राममेहर ने अमित को सलाह दी कि शराब पीना गलत है। इस पर अमित तैश में आ गया और उसके साथ झगड़ा करने लगा। उस समय तो वह बीच बचाव करके राममेहर को मोटरसाइकिल पर बैठाकर घर की तरफ आ गया। जब वह गांव के निकट पहुंचा तो अमित तेज रफ्तार में बुलेरो गाड़ी लेकर आया और उनके मोटरसाइकिल को सीधी अक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों भाई गिर गए लेकिन वह गाड़ी नहीं चढ़ा पाया।

इसके बाद आरोपित लोहे की राड निकालकर आया और नीचे गिरे राममेहर पर उससे हमला कर दिया। इसमें सिर में राड लगने से राममेहर गंभीर रूप से घायल हो गया। राममेहर को नागरिक अस्पताल जींद में दाखिल करवाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने गांव गतौली निवासी अमित के खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। जुलाना थाना प्रभारी समरजीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।

Explore our articles