जींद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर में लखपति दीदी कार्यक्रम को लेकर बुधवार छह मार्च को आयोजित महासम्मेलन में स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को वर्चुअली संबोधित करेंगे। उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने मंगलवार को बताया कि कार्यक्रम जिला एवं खंड स्तर पर आयोजित किये जााएगें।
उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि छह मार्च को सुबह साढे नौ बजे शुरू होने वाले इन कार्यक्रमों का सुचारू रूप से संचालन करवाने को लेकर संबंधित अधिकारियों की डयूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम के लिए स्थानीय डीआरडीए के सभागार का चयन किया गया है। इस कार्यक्रम में जींद के विधायक डा. कृष्णलाल मिड्ढा व नगर परिषद की चेयरपर्सन डा. अनुराधा सैनी मुख्यअतिथि के रूप में शिरकत करेंगें। उपायुक्त ने कहा कि महिलाओं को प्रति वर्ष एक लाख से अधिक की आय के लिए सरकार द्वारा लखपति दीदी योजना के माध्यम से कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए उन्हें कई योजनाओं में शामिल किया गया है।


