जींद : उचाना में अब मुफ्त भरपेट खाना मिलेगा। उपमंडल कार्यालय, नागरिक अस्पताल के सामने बुधवार को जन सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा शुद्ध रसोई शुरू की गई है। शुभारंभ एसडीएम जितेंद्र जोशी द्वारा किया गया। मुख्य रूप से जीतगर धाम काकड़ोद के महंत रामचंद्र गिरी महाराज पहुंचे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख समाज सेवी एवं पूर्व सरपंच भौंगरा ओमप्रकाश शर्मा द्वारा किया गया। ओमप्रकाश शर्मा की देखरेख में शुद्ध रसोई चलेगी। हवन के बाद यहां पर भंडारे का आयोजन किया गया। उचाना में इस तरह की पहल की सामाजिक संगठन, गणमान्य लोगों द्वारा सराहना की। फरीदाबाद की तर्ज पर अब उचाना में जन सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा शुद्ध रसोई शुरू की है। यहां पर दोपहर का भोजन मिलेगा जिसका कोई शुल्क नहीं देना होगा।
जितेंद्र जोशी ने कहा कि जो शुद्ध रसोई शुरू की गई है ये अच्छी पहल है। इस तरह की शुरूआत उचाना में पहली बार हुई है। यहां पर मुफ्त भरपेट खाना मिलेगा। नर सेवा को नारायण सेवा बताया गया है। नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले, उपमंडल कार्यालय में काम से आने वाले लोग, पुराने बस स्टैंड के अलावा अन्य जो लोग उचाना आते है वो यहां पर दोपहर को भरपेट भोजन कर सकेंगे। जो कैंसर, टीवी के मरीज है उनको दवा मुफ्त में यहां पर दी जाएगी। इसका सारा श्रेय प्रमुख समाज सेवी ओमप्रकाश शर्मा भौंगरा को जाता है जिनकी सोच से यहां पर इस तरह की मुहिम शुरू हुई। भविष्य में वो इस तरह की शुद्ध रसोई आस-पास के कस्बों में भी शुरू करें।
महंत रामचंद्र गिरी महाराज ने कहा कि जीवन में जितना हो सकें उतनी समाज सेवा करनी चाहिए। हमारे द्वारा किए गए कर्मों का फल हमें जीवन में मिलता है। यहां पर ओमप्रकाश शर्मा द्वारा शुद्ध रसोई की शुरूआत कर सराहनीय कार्य किया गया है। इसकी जितनी तारीफ की जाए वो कम है।


