जम्मू : जीएमसी जम्मू में कैंसर केयर रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग में एक कदम आगे बढ़ाते हुए डॉ. आशुतोष गुप्ता, प्रिंसिपल और डीन, जीएमसी जम्मू और डॉ. राहुल शर्मा, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रभारी प्रशासन रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के नेतृत्व में नव स्थापित अल्ट्रा आधुनिक टेलीकोबाल्ट मशीन को कैंसर रोगियों के लिए रेडिएशन थेरेपी उपचार शुरू करके क्रियाशील बनाया गया।
नई स्थापित मशीन को हाल ही में परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड द्वारा मंजूरी दी गई थी। इस मशीन का नाम देश के अग्रणी परमाणु वैज्ञानिक डॉ. होमी भाबा के नाम पर रखा गया है, जो अत्यधिक परिष्कृत सुविधाओं से युक्त पूर्णतया स्वदेश निर्मित मशीन है। परमाणु ऊर्जा विभाग ने आत्मनिर्भर भारत पहल के तहत यह मशीन बनाकर एक इतिहास रचा है। मशीन की कुल लागत लगभग 4 करोड़ है। यदि यह विदेश से आयात की जाती तो इसकी कीमत कई गुणा बढ़ जाती।
डॉ. आशुतोष गुप्ता और उनकी ऑन्कोलॉजी टीम ने बताया कि मशीन पूरी तरह से उच्च स्तर की सटीकता के साथ डिजिटल रूप से संचालित होती है। सभी नियंत्रण एक ही टैबलेट में प्रदान किए जाते हैं जिसे हम उपचार टीम द्वारा संचालित करते हैं। साथ ही इस मशीन में अधिक सटीकता के लिए विकिरण क्षेत्रों को आकार देने की क्षमता भी होगी। यह मशीन प्रतिदिन 80 से अधिक मरीजों का इलाज करने में सक्षम है।


