spot_img

Jammu : जेपीडीसीएल ने जुटाया 2050 करोड़ से ज्यादा का राजस्व; पहली बार बिजली नुकसान 50 प्रतिशत से नीचे

जम्मू : जम्मू पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉरपोरेशन लिमिटेड ने गुरूवार को एक आधिकारिक बयान में बताया कि उसने वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 2050 करोड़ रुपये से अधिक का संग्रह किया है जबकि पिछले वर्ष में 1736 करोड़ रुपए एकत्रित किए गए थे।

पिछले वित्तीय वर्ष 2022-23 के दौरान कुल 8416 मिलियन यूनिट बिजली की खपत हुई जबकि इससे पिछले वित्तीय वर्ष में 7824 मिलियन यूनिट बिजली की खपत हुई थी। उल्लेखनीय है कि पहली बार जम्मू क्षेत्र में बिजली के नुकसान को 50 प्रतिशत से नीचे लाया गया है। वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए सकल पारेषण और वितरण घाटे को पिछले वर्ष के 53 प्रतिशत की तुलना में घटाकर 47 प्रतिशत कर दिया गया है।

यह भी कहा गया है कि बिजली की खपत में वृद्धि का श्रेय जेपीडीसीएल द्वारा अपने उपभोक्ताओं को प्रदान की जाने वाली बेहतर सेवाओं को दिया जा सकता है। बिजली की कटौती भी पिछले वर्ष में 13 प्रतिशत से अधिक कम हो गई है और जेपीडीसीएल ने उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली प्रदान करने के लिए नए वितरण ट्रांसफार्मर, केबल सहित अन्य बुनियादी ढांचे को जोड़ा है। मौजूदा वितरण ट्रांसफार्मरों की क्षति दर में 20 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। बयान में आगे विस्तार से बताया गया है कि जेपीडीसीएल नई बिजली अवसंरचना जोड़कर उपभोक्ता को निर्बाध बिजली प्रदान करने के अपने प्रयासों को जारी रखेगी।

जेपीडीसीएल ने उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर लगाने की सुविधा देने का भी अनुरोध किया है क्योंकि यह पूरे जम्मू में बिजली और वोल्टेज को स्थिर करने में मदद करेगा और उपभोक्ताओं को व्यवधान मुक्त बिजली प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। स्मार्ट मीटर क्षेत्र को प्रोत्साहन के रूप में जेपीडीसीएल ने उन क्षेत्रों में अनुसूचित कटौती को पूरी तरह से बंद कर दिया है जहां स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। जम्मू शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 92,000 से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं और जेपीडीसीएल का प्रयास अगले 5 महीनों में 2.5 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर स्थापित करने का है। यह भी उल्लेख करना उचित है कि पुर्नाेत्थान वितरण क्षेत्र योजना के तहत पूरे जम्मू क्षेत्र में 8 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर/प्रीपेड स्थापित करने का प्रस्ताव है।

यह भी बताया गया है कि घरेलू, वाणिज्यिक और औद्योगिक श्रेणी के सभी उपभोक्ताओं, जिन्होंने 3 माह से लगातार बिजली बिल की कोई किस्त नहीं चुकाई है, की बिजली आपूर्ति स्मार्ट मीटर से स्वतः कट जाएगी। जेपीडीसीएल पर घरेलू बिजली बकाये का भारी बकाया है, हालांकि एमनेस्टी योजना के तहत, जेपीडीसीएल ने 80 करोड़ से अधिक की वसूली की है और पचास हजार से अधिक उपभोक्ता पहले ही एमनेस्टी योजना का लाभ उठा चुके हैं और सभी चूककर्ता उपभोक्ताओं से माफी योजना का तुरंत लाभ उठाने का अनुरोध किया गया है।

Explore our articles