जम्मू : अपनी पार्टी के अध्यक्ष सैयद मोहम्मद अल्ताफ बुखारी ने कठुआ और डोडा में आतंकी घटनाओं पर बुधवार को चिंता व्यक्त की है। इन घटनाओं पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए अल्ताफ बुखारी ने कहा कि इन आतंकी घटनाओं का उद्देश्य जम्मू क्षेत्र में नागरिक आबादी और सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ना है।
उन्होंने कहा कि सरकार को सख्त रुख अपनाना चाहिए और सुरक्षा बलों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि शांति भंग न हो और सांप्रदायिक सद्भाव बना रहे। उन्होंने लोगों से शांति भंग करने की कोशिश करने वाले तत्वों से सतर्क रहने और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में सुरक्षा बलों की मदद करने को कहा।
उन्होंने कहा कि सरकार को जम्मू क्षेत्र के तीन जिलों यानी रियासी, कठुआ और डोडा जिलों में स्थिति पर कड़ी निगरानी रखनी चाहिए जहां पिछले 72 घंटों में आतंकी घटनाएं हुई हैं। उन्होंने संदेह जताया कि ये आतंकी घटनाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मजबूत सरकार के खिलाफ साजिश लगती हैं। कठुआ में हुए आतंकी हमले की निंदा करते हुए उन्होंने कठुआ जिले के हीरानगर के सेडा सोहल गांव में शहीद हुए सीआरपीएफ कर्मी कबीर दास के परिवार के सदस्यों के साथ एकजुटता भी व्यक्त की।
इस बीच उपाध्यक्ष एजाज अहमद खान ने रियासी में हुई आतंकी घटना की कड़ी निंदा की है जिसमें शिव खोड़ी तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस को निशाना बनाया गया। उन्होंने कठुआ के हीरानगर और डोडा जिले में हुई आतंकी घटनाओं की भी निंदा की जिसमें सीआरपीएफ का एक जवान शहीद हो गया और डोडा में कई सुरक्षा बल के जवान घायल हो गए। पार्टी के महासचिव विजय बकाया ने भी आतंकी घटनाओं में वृद्धि पर आश्चर्य व्यक्त किया और अधिकारियों को चेतावनी दी कि उन्हें राष्ट्र विरोधी तत्वों के किसी भी तरह के नापाक मंसूबों को नाकाम करने के लिए सावधानी से काम करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से समाज में दहशत पैदा होने और सांप्रदायिक सद्भाव को ठेस पहुंचने की संभावना है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों की स्थिति को संभालने की क्षमता पर विश्वास व्यक्त किया। इसी तरह जम्मू के प्रांतीय अध्यक्ष स. मंजीत सिंह ने भी आतंकी हमलों की निंदा की और सुरक्षा बलों से आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने जम्मू क्षेत्र के लोगों से किसी भी कीमत पर सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की। कंडी (बनी-बसोहली) के अध्यक्ष यासर चौधरी समेत कठुआ और डोडा से पार्टी के अन्य नेताओं ने भी आतंकी घटनाओं की निंदा की और इसे क्षेत्र की शांति के लिए खतरा बताया।


