जालौन : आटा थाना क्षेत्र के ग्राम ददरी में शनिवार को एक युवक ने पड़ोसी के घर जाकर खुद को तमंचा से गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
ग्राम ददरी निवासी 28 वर्षीय मनोज कुमार शनिवार की सुबह 10 बजे के आसपास पड़ोसी करन सिंह के घर पहुंचा। पड़ोसी से विवाद के बाद उसने खुद को तमंचा से गोली मार ली। पड़ोसी और परिजन मौके पर पहुंचे तो खून से लतपथ मनोज जमीन पड़ा हुआ अंतिम सांसे गिन रहा था। उसे अस्पताल पहुंचाया, जिससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि करन सिंह के साथ मनोज का काफी समय से विवाद चल रहा था। जिस तरह से मनोज ने पड़ोसी के घर जाकर आत्महत्या की उससे पुलिस भी हैरान है। मनोज ने सिर में तमंचा से फायर किया है। फिलहाल घटना की स्पष्ट वजह सामने नहीं आयी है। एसपी डा. ईरज राजा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।


