जैसलमेर:(Jaisalmer) जैसलमेर में उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस के लिए वातावरण निर्माण और व्यापक जनजागरुकता के उद्देश्य से शुक्रवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिला व बाल विकास विभाग के सहयोग से जन जागरुकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में आशा सहयोगिनियों , प्रशिणार्थी एएनएम , प्रशिक्षणार्थी नर्सिंग कर्मी व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओ के द्वारा जन्म से लेकर पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को रविवार को पोलियो बूथ पर लाकर पोलियो खुराक पिलाने का संदेश दिया गया।
पोलियो जागरुकता रैली को बीसुका उपाध्यक्ष उम्मेद सिंह तंवर व उप जिला प्रमुख डाॅ बी.के.बारूपाल ने गडीसर चोराहे सेे हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। रैली में शामिल संभागियों ने अपने हाथ में तख्तियों पर लिखे नारों से पोलियो संबंधी जागरुकता का संदेश दिया। पोलियो रैली को हनुमान चौराहे पर उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ आर पी गर्ग ने संबोधित किया। उन्होंने पोलियों बूथों पर जन्म से लेकर पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियों की खुराक पिलाने में सहयोग देने की बात कही। उन्होंने बताया कि यदि किसी कारणवश कोई बच्चा बूथ पर खुराक पीने से वंचित रह जाता है तो अभियान के दूसरे व तीसरे दिन भ्रमणशील दलों द्वारा घर घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जायेगी।


