जयपुर:(Jaipur) उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ (Vice President Jagdeep Dhankhar) ने राजभवन में नवनिर्मित संविधान उद्यान को अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि संविधान से जुड़ी संस्कृति और संवैधानिक मूल्यों के कला-रूप में, देशभर में यह अनुपम उदाहरण है। उन्होंने बुधवार को संविधान उद्यान में निर्मित संविधान के कला-रूपों का बारीकी से अवलोकन किया।
राजभवन के प्रवक्ता ने बताया कि धनखड़ ने बुधवार को प्रातः राजभवन में निर्मित संविधान उद्यान का भ्रमण किया। उन्होंने संविधान निर्माण और उससे जुड़ी संविधान समितियों की कार्यवाही, संविधान निर्माण के बाद उसके लागू होने तक की ऐतिहासिक यात्रा और मूल संविधान की प्रति पर शांति निकेतन के सुप्रसिद्ध कलाकार नंदलाल बोस द्वारा निर्मित भारतीय संस्कृति से संबद्ध कलाकृतियों से जुड़े मूर्तिशिल्प, छायाचित्रों, मॉडल्स आदि का अवलोकन किया।
संविधान उद्यान भ्रमण के बाद उन्होंने राज्यपाल कलराज मिश्र से विशेष रूप से संवाद कर संविधान के मूर्तरूप की इस पहल के लिए उन्हें विशेष रूप से बधाई दी और कहा कि आजादी के बाद इस तरह की यह अनूठी पहल राजस्थान में उनके प्रयासों से ही संभव हो पाई है। उन्होंने राजभवन में चरखा कातते महात्मा गांधी की प्रतिमा की भी सराहना की।


