जयपुर:(Jaipur) रेगिस्तानी जिले बाड़मेर में बीते सात दिनों से गर्मी व उमस के बाद गुरुवार को मूसलाधार बारिश हुई है। बीती रात नौ बजे तेज बारिश का दौर शुरू हुआ, जो रुक-रुक रात भर चलता रहा। यहां दो घंटे में पौने दो इंच बारिश हुई है। सड़कों पर दो-तीन फीट तक पानी बहा। बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। शुक्रवार को सुबह से आसमान में बादल छाए हुए है। सूरज व बादलों के बीच आंख मिचौली का खेल चल रहा है। मौसम विभाग ने चार दिन तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजधानी जयपुर में भी बादल छाए हुए हैं, लेकिन उमस से हाल बेहाल है।
मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर व जालोर जिले में अगले 4-5 दिन तक बारिश की संभावना जताई है। 10 जुलाई तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। जिले के कई इलाकों में तेज और मध्यम बारिश होगी। कई इलाकों में तीन इंच तक बारिश की भी संभावना है। ऐसे में बारिश के मध्य नजर भराव इलाकों से दूर रहने की अपील की है।
बाड़मेर जिले में सीजन की औसत बारिश का आंकड़ा 324 मिलीमीटर है, जबकि अब तक 255 मिलीमीटर तक बारिश हो गई है। जिले की धोरीमन्ना, चौहटन, सेड़वा, धनाऊ में औसत से दुगुनी बारिश हो गई है। बाड़मेर में गुरुवार को दिन भर गर्मी व उमस के बाद रात को करीब नौ बजे अचानक मौसम बदला और तेज मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब 30 मिनट तक लगातार बारिश के बाद शहर की सड़के पानी से लबालब हो गई। विवेकानंद सर्किल, किसान छात्रावास, कलेक्टर बंगले और कलेक्ट्रेट के आसपास दो से तीन फीट तक पानी बहने लगा। इससे दोपहिया वाहन चलाने वालों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। रुक-रुक कर मूसलाधार बारिश का दौर रात 11 बजे तक चलता रहा। दो घंटे में 40 मिलीमीटर बारिश हुई। शहर की सड़कों पर दो-दो फीट पानी का तेज बहाव चला। देर रात तक बारिश का दौर रुक-रुक चलता रहा।
बीती रात को चौहटन फागलिया के पिरो की ढाणी गांव में युवक नवाज अली घर से जरूरी काम के लिए निकला था। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बुरी तरीके से घायल हो गया। हॉस्पिटल ले जाने के दौरान युवक की मौत हो गई।


