
जयपुर: (Jaipur) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार (12 अप्रैल) को दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए राजस्थान की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जयपुर में उपस्थित रहेंगे। अजमेर-दिल्ली कैंट-अजमेर वंदे भारत ट्रेन की नियमित सेवा 13 अप्रैल से शुरू होगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार 12 अप्रैल को गाडी संख्या 09617, जयपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा जयपुर से सुबह 11 बजे रवाना होकर चार बजे दिल्ली कैंट पहुंचेगी। उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा मार्ग में गांधीनगर जयपुर, बस्सी, दौसा, बांदीकुई, राजगढ, अलवर, खैरथल, रेवाड़ी, पटौदी रोड, गढ़ी हरसरू व गुड़गांव स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
अजमेर-दिल्ली कैंट-अजमेर वंदे भारत रेलसेवा का नियमित संचालन 13 अप्रैल से किया जाएगा। गाड़ी संख्या 20977, अजमेर-दिल्ली कैंट वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस रेलसेवा 13 अप्रैल से सप्ताह में 06 दिन (बुधवार को छोड़कर) अजमेर से सुबह 06.20 बजे रवाना होकर जयपुर 07.50 बजे आगमन और 07.55 बजे प्रस्थान कर, अलवर 09.35 बजे आगमन व 09.37 बजे प्रस्थान कर, गुडगांव 11.15 बजे आगमन व 11.17 बजे प्रस्थान कर 11.35 बजे दिल्ली कैंट पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाडी संख्या 20978, दिल्ली कैंट-अजमेर वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस 13 अप्रैल से सप्ताह में 06 दिन (बुधवार को छोड़कर) दिल्ली कैंट से शाम 18.40 बजे रवाना होकर गुडगांव 18.51 बजे आगमन एवं 18.53 बजे प्रस्थान कर, अलवर 20.17 बजे आगमन व 20.19 बजे प्रस्थान कर, जयपुर 22.05 बजे आगमन एवं 22.10 बजे प्रस्थान कर 23.55 बजे अजमेर पहुंचेगी। इस रेलसेवा में 12 वातानुकुलित चेयरकार, 02 वातानुकुलित एक्जीक्यिूटिव चेयरकार एवं 02 ड्राइविंग कार श्रेणी के डिब्बों सहित कुल 16 डिब्बे होंगे।


