spot_img

Jaipur : राजस्थान यूनिवर्सिटी में कुलपति के लापता होने के लगे पोस्टर

जयपुर : राजस्थान यूनिवर्सिटी में मंगलवार को छात्रों ने कुलपति प्रोफेसर राजीव जैन के लापता होने के पोस्टर लगा दिए। इस दौरान छात्रों ने यूनिवर्सिटी कैंपस में कुलपति राजीव जैन को ढूंढने की कोशिश की। जब कुलपति नहीं मिले तो छात्रों ने कुलपति सचिवालय के बाहर पहुंच गांधीवादी तरीके से गुलाब का फूल हाथ में लेकर भजन गाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

राजस्थान यूनिवर्सिटी के छात्र नेता हरफूल चौधरी ने कहा कि राजस्थान यूनिवर्सिटी में कुलपति आम छात्रों से कोसों दूर हो गए हैं। पिछले लंबे वक्त से ना तो कुलपति ने छात्रों से संवाद किया, ना ही उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कोई काम किया है। जिससे यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं परेशान हो गए है। इसलिए मंगलवार को यूनिवर्सिटी में जगह-जगह कुलपति राजीव जैन के पोस्टर लगाकर उन्हें ढूंढने की कोशिश की है। ताकि किसी को भी अगर कुलपति नजर आए तो वह उन्हें बताएं। इसके बाद वह उन तक पहुंच आम छात्रों की समस्याओं को बता उनका समाधान करवा सकें।

इसके अलावा इसी को लेकर यूनिवर्सिटी के आम छात्रों के साथ मिलकर शांतिप्रिय तरीके से प्रदर्शन किया है। जहां सभी छात्र भगवत गीता भी लेकर आए है। ताकि यूनिवर्सिटी प्रशासन गीता पर हाथ रख छात्रों की जायज मांग को पूरा करने का वादा करें। अगर इसके बाद भी कुलपति ने उनकी समस्या का समाधान नहीं किया। तो आम छात्रों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे। जिसके लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन जिम्मेदार होगा।

Explore our articles