spot_img

Jaipur : ऑनलाइन गेम लिंक ऐप के माध्यम से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले चढे पुलिस के हत्थे

जयपुर : प्रताप नगर थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेम लिंक ऐप के माध्यम से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए बारह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपितों के पास से चार कंप्यूटर, दो लैपटॉप, पाच मोबाइल व अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही आरोपितों के पास से करीब छह करोड़ रुपये का हिसाब किताब मिला है। यह हिसाब किताब रजिस्टर व लैपटॉप में मिला है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर(पूर्व) ज्ञान चंद यादव ने बताया कि प्रताप नगर थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेम लिंक ऐप के माध्यम से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए गिरोह के आरोपित विशाल यादव (20) निवासी महेन्द्रगढ़ हरियाणा हाल प्रताप नगर, मुकेश झाझडिया (24) निवासी गुढा जिला झुंझुनूं हाल प्रताप नगर, आदिल खान (23) निवासी पुराना जालूपुरा, अमन शर्मा (24) निवासी बांदीकुई जिला दौसा हाल जगतपुरा रामनगरिया, योगेश कुमार (28) निवासी बलारा जिला सीकर हाल प्रताप नगर, पंकज (21) निवासी सदर झुंझुनूं हाल प्रताप नगर, सुनील कुमार (23) निवासी पीलीबंगा जिला हनुमानगढ़ हाल प्रताप नगर, सुरेश कुमार (23) निवासी बुहाना जिला झुंझुनूं हाल प्रताप नगर, संदीप कुमार (22) निवासी पिलानी जिला झुंझुनूं हाल प्रताप नगर, अब्दुल रशीद (28) निवासी पुराना जालूपुरा, प्रवीण कुमार (18) निवासी कोतपूतली जिला जयपुर हाल प्रताप नगर और अंकित यादव (19) निवासी विराट नगर जिला जयपुर हाल प्रताप नगर को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपितों 12वीं से लेकर ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई कर रखी है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपितों ने अपने परिवार को बताया है कि वह कॉल सेंटर में काम करते हैं। जिस जगह है यह ठगी का काम हो रहा था। उसके आसपास के मोहल्ले के लोगों को भी कॉल सेंटर के बारे में ही जानकारी थी। वहीं अभी मुख्य आरोपित पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। फरार आरोपित अखिलेश निवासी मंडावा जिला झुंझुनू की ओर से इन आरोपियों को सट्टा उपकरण व अन्य सुविधाएं दी जा रही थी। इसके साथ ही अखिलेश बेरोजगार युवकों को झांसा देकर सट्टे के काम में लाता था और मकान में रखकर ऑनलाइन ठगी का काम करवाता था। पुलिस के सामने छह करोड़ रुपये का लेन-देन आया है। पुलिस के द्वारा फर्जी बैंक अकाउंटों को फ्रिज करवा दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

गौरतलब है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रताप नगर के एक मकान में कुछ लड़के सट्टे की खाई वाली कर रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश मारते हुए 12 आरोपित मौके पर ऑनलाइन गैंबलिंग ऐप के माध्यम से लोगों को ठगी के शिकार बनाते हुए मिले। यह आरोपित स्काई एक्सचेंज एप्लीकेशन के माध्यम से व्हाट्सएप ग्रुप पर यूटीआई अमाउंट के स्क्रीनशॉट प्राप्त कर ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले व्यक्तियों को आईडी पासवर्ड बनाकर उपलब्ध करवाते थे। जितने रुपये व्यक्तियों के पास आते हैं, उनके पॉइंट्स उनकी आईडी में डाल दिए जाते थे। और उसी आईडी से आरोपित ऐप के माध्यम से दिए गए पॉइंट को क्रिकेट, लूडो, कैसीनो तीन पत्ती व अन्य ऑनलाइन गैंबलिंग में लोगों के पैसे लगाते थे।

Explore our articles