spot_img

Jaipur : भीलवाड़ा में सात इंच से ज्यादा बारिश, भारी बारिश का अलर्ट

जयपुर: (Jaipur) राजस्थान में मानसून के सक्रिय होने के साथ ही तेज बारिश का दौर चल रहा है। मंगलवार रात नागौर, बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, अजमेर समेत कई जिलों में भारी बरसात हुई। भीलवाड़ा के कछौला में तो सात इंच से ज्यादा बरसात रिकॉर्ड की गई। भारी बारिश से बीसलपुर बांध के कैचमेंट क्षेत्र में अच्छी बरसात से बांध का गेज दो सेंटीमीटर बढ़ गया। जोधपुर-पाली क्षेत्र में भी बुधवार सुबह कई जगह पानी बरसा है। राजधानी जयपुर में भी सुबह से ही बादल छाए हुए हैं।

मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण पूर्वी हिस्से में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई है। इसके अलावा शुक्रवार को राज्य के पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश होने का भी अलर्ट जारी किया है। राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान बांसवाड़ा, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, करौली, नागौर और पाली में 50 मिमी या उससे ज्यादा बारिश हुई। बांसवाड़ा में 99, करौली के मंडारायल में 70, नागौर के जायल में 88, पाली के रोहट में 58, चित्तौड़गढ़ के बस्सी डेम पर 69 और अजमेर के नसीराबाद में 79 मिमी बरसात हुई। तेज बारिश के भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ की कई बरसाती नदियां बह निकली हैं। इन जिलों के अलावा टोंक, उदयपुर, जयपुर, राजसमंद, झालावाड़, जैसलमेर, भरतपुर, बाड़मेर में अच्छी बरसात देखने को मिली है।

बीसलपुर बांध के कैचमेंट एरिया में करीब एक इंच बरसात के बाद जलस्तर 313 से बढ़कर 313.02 आरएल मीटर पर पहुंच गया। ये पहला मौका है, जब बांध में जून में बारिश से लगातार पानी आने से गेज स्थिर बना हुआ है। बाड़मेर में देर रात से रिमझिम बारिश का दौर जारी है। बुधवार सुबह भी बादल छाए हुए हैं। बीते 24 घंटों में बाड़मेर शहर सहित 8-10 तहसीलों में तेज व मूसलाधार बारिश हुई है। धोरीमन्ना में 29, धनाऊ में 29, नोखड़ा में 30, बाड़मेर शहर व शिव में 10-10, बायतु में 11, चौहटन व सिणधरी में 5-5 एमएम और बालोतरा में 39 मिमी बारिश हुई। उदयपुर के कैचमेंट क्षेत्र में पिछले दो दिन से हो रही बारिश से जलाशयों में पानी आना शुरू हो गया है। शहर में सीसारमा नदी में चार फीट के बहाव से पानी चला, जो सीधे पिछोला झील में गिरने लगा। बुधवार भी उदयपुर में सुबह आसमान में बादल छाए रहे।

रामगंज मंडी में पिछले चार दिन से तेज बारिश आने से क्षेत्र के नदी और नाले उफान पर हैं। इससे ग्रामीणों को काफी ज्यादा मशक्कत करनी पड़ रही है। सारनखेड़ी गांव से निकल रही तांकली नदी भी उफान पर आ गई है। मंगलवार देर शाम को एक परिवार अपने घरेलू सामान के साथ जा रहा था। इस दौरान ट्रैक्टर ट्रॉली तांकली नदी पर करने के दौरान अचानक खराब हो गया। सभी नदी के बहाव में फंस गए। करीब छह घंटे बाद रात करीब नौ बजे जेसीबी से ग्रामीणों ने ट्रेक्टर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन तब तक परिवार का घरेलू सामान नदी में बह गया था। मौसम केन्द्र जयपुर ने राजस्थान में अगले दो दिन भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। ये बारिश दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में उदयपुर, अजमेर, कोटा और भरतपुर संभाग के जिलों में हो सकती है। नौ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा शेष सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट है।

मौसम विभाग ने 29 जून को अजमेर, बारां, भीलवाड़ा, कोटा और टोंक जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी तरह 30 जून को सिरोही, दौसा, भरतपुर, बारां, अलवर में भारी से अतिभारी बारिश की संभावना जताते हुए इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में देवास में 49, वल्लभनगर में 36, लाम्बा हरिसिंह में 37, दांतारामगढ़ में 51, नाथद्वारा में 27, कुंभलगढ़ में 29, छोटी सादड़ी में 38, रोहट में 58, मकराना में 31, डेगाना में 42, जायल में 88, पांचना बांध पर 36, मंडरायल में 70, पिरावा में 30, जैसलमेर में 31, सांगानेर में 35, रतनगढ़ में 28, गंभीरी डेम पर 69, निम्बाहेड़ा में 53, चित्तौड़गढ़ शहर में 29, कछौला में 183, मांडलगढ़ में 63, कोटड़ी में 36, बिजौलिया में 27, भुसावर में 40, कुम्हेर में 26, शिव में 49, बालोतरा में 40, धोरीमन्ना में 29, नसीराबाद में 79, केकड़ी में 72, किशनगढ़ में 59, पुष्कर में 29 मिमी बारिश मापी गई।

Explore our articles