
जयपुर : जयसिंहपुरा खोर थाना इलाके में एक व्यक्ति की सरिए-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर शव को कानोता बांध में फेंकने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सड़ी-गली लाश को पुलिस ने कानोता बांध से निकलवाकर पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। जयसिंहपुरा खोर थाने में मृतक के बेटे ने हत्या का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
थानाधिकारी सत्यपाल ने बताया कि जयसिंहपुरा खोर निवासी मोनू ने अपने पिता भरत कुमार (50) की सरिए-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर शव को कानोता बांध में फेंकने का मामला दर्ज करवाया है कि परिचित सूरज से पिता भरत कुमार का रुपयों को लेकर विवाद चल रहा था। लोगों ने पीड़ित मोनू को बताया था कि रुपयों के विवाद को लेकर आरोपित सूरज ने उसके पिता भरत कुमार के पेट पर भारी पत्थर का मारी और फिर जमीन पर गिरने पर सरिए से जमकर पीटा साथ ही उसके पिता की जेब में रखे 30-40 हजार रुपये भी छीनकर भाग निकला। उसके कुछ देर बाद ही पिता गायब हो गए। काफी तलाश करने पर भी नहीं मिशे। इस दौरान कानोता थाना पुलिस का फोन आया कि कानोता बांध में सड़ी-गली लाश मिली है। लाश की पहचान करने के लिए कानोता बांध आने की कहा। वहां जाने पर मृतक की पहचान पिता भरत के रूप में हुई। पुलिस ने शव को जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक के बेटे ने आरोपी सूरज के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।


