जयपुर : प्रदेश में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल हेल्थ टीमों द्वारा चिन्हित किए गए हृदय रोग से ग्रसित बच्चों की राज्यस्तर पर हेल्थ जांच करने के लिए सत्य साईं हार्ट हॉस्पिटल गुजरात द्वारा आयोजित दो-दिवसीय स्क्रीनिंग कैम्प का रविवार को समापन हुआ। जयपुर में महावीर मार्ग सी-स्कीम स्थित महावीर कॉलेज में आयोजित कैम्प में 486 बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई एवं इनमें से 324 बच्चों को हार्ट सर्जरी के लिए चयनित किया गया है। रविवार को परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास, विधायक डॉ रघु शर्मा, मिशन निदेशक एनएचएम सुधीर कुमार शर्मा व संबंधित अधिकारियों ने कैम्प स्थल पर पहुंचकर कैम्प गतिविधियों का अवलोकन किया।
मिशन निदेशक एनएचएम ने बताया कि एनएचएम राजस्थान द्वारा आरबीएसके कार्यक्रम के अन्तर्गत मोबाइल टीमों द्वारा प्रदेशभर से चुने गए और राज्यस्तर पर स्क्रीनिंग के लिए पंजीकृत हुए हार्ट सम्बंधित रोग से ग्रसित 486 बच्चों में से 324 बच्चों का सत्य साईं हार्ट हॉस्पिटल गुजरात द्वारा निशुल्क सर्जरी -उपचार किया जाएगा और 162 बच्चों को आवश्यक उपचार निशुल्क किया जाएगा। शर्मा ने बताया कि एनएचएम के अंर्तगत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की मोबाइल हेल्थ टीमों द्वारा प्रदेश के राजकीय स्कूलों व आंगनबाड़ी केन्द्र स्तर पर जन्म से 19 वर्ष तक के बच्चों की स्वास्थ्य जांच में लगभग 500 बच्चे हृदय संबंधित विभिन्न समस्याओं से ग्रसित चिह्नित किये गये हैं, जिनकी राज्यस्तर पर पुनः गहन जांच कर आवश्यक उपचार व परामर्श सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। जरूरी बच्चों का निशुल्क ऑपरेशन कर नवजीवन दिया जाएगा।
शर्मा ने दो-दिवसीय राज्यस्तरीय हेल्थ स्क्रीनिंग कैम्प आयोजन के लिए सत्य साईं हार्ट हॉस्पिटल गुजरात के पदाधिकारियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और कैम्प में खानपान व अन्य सुविधाओं में सहयोग करने वालों का धन्यवाद किया है। उन्होंने विभिन्न जिलों से 47 वातानुकूलित वाहनों में सुदूर ग्राम-ढाणियों के लाभार्थी बच्चों व उनके परिजनों सहित अन्य सहयोगियों को जयपुर तक लाने व वापस उनके गंतव्य तक पहुचाने की बेहतर व्यवस्थाओं के लिये जिला प्रशासन एवं जिलों के चिकित्सा अधिकारियों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया है।


