
जयपुर : (Jaipur) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा को दिल्ली में विमान से नीचे उतारे जाने की घटना की निंदा की और इसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बौखलाहट करार दिया।
गहलोत ने बृहस्पतिवार को ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली से रायपुर कांग्रेस अधिवेशन में भाग लेने जा रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा को असम पुलिस ने उड़ान से उतार दिया। ऐसी कौन सी आपात स्थिति थी कि असम पुलिस ने दिल्ली आकर ऐसा किया?’’कांग्रेस नेता ने आगे लिखा, ‘‘पहले रायपुर में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापे और अब ऐसा कृत्य भाजपा की बौखलाहट को दिखाता है। यह निंदनीय है।’’ उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि उसके मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा को रायपुर जाने वाली उड़ान से नीचे उतार दिया गया।


