spot_img

Jaipur : महापौर और पार्षदों के खिलाफ बंधक बनाने और धमकाने का मामला दर्ज

जयपुर : माणक चौक थाने में अतिरिक्त कमिश्नर राजेन्द्र कुमार वर्मा ने हेरिटेज नगर निगम की महापौर, उनके पति और पार्षदों के खिलाफ बंधक बनाने, अपशब्द कहने और धमकाने के आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। मामला दर्ज कर जांच सहायक पुलिस आयुक्त माणक चौक हेमंत जाखड़ कर रहे हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त (माणक चौक) हेमंत जाखड़ के मुताबिक वर्मा ने महापौर हेरिटेज मुनेश गुर्जर, उपमहापौर अस्लम फारुखी, पार्षद उम्रदराज, नीरज अग्रवाल, श. कुरैशी, सुनिता मावर, राविया, अंजलि, पार्षद पति मोहम्मद अस्तर, आयशा सिद्दीकी, फरीद कुरैशी, फूलचंद, पार्षद के रिश्तेदार शाकिर, महापौर के पति सुशील गुर्जर, बसन्त असवाल के खिलाफ राज कार्य में बाधा, बंधक बनाने, धमकाने, जबरन फाइलों पर साइन कराने के लिए बदसलूकी और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल कर प्रताड़ित करने का मामला दर्ज कराया गया है और शिकायत दी है कि 16 जून को वह अपने चैबर में काम कर रहे थे। इसी दौरान उनके पास मैसेज आया कि महापौर बुला रही हैं। उन्होंने कुछ जरूरी फाइल निपटा कर 15 मिनट में आ रहे है। पांच मिनट बाद कुछ पार्षद और उनके साथ आए बाहरी लोग चैंबर में घुस आए और टेंडर की फाइल (बीट पत्रावली) पर हस्ताक्षर क्यों नहीं किए। वह लोग उन्हे जबरन चैंबर से उठा कर महापौर के कमरे में ले गए और वहां पर महापौर मुनेश गुर्जर ने पार्षदों के सामने अपशब्द कहते हुए बीट की पत्रावली पर साइन क्यों नहीं किए। पीड़ित राजेन्द्र का आरोप है कि उन्हें जबरन महापौर के चैंबर में शाम तक बंधक बनाकर रखा गया। शाम को जब पीएचईडी मंत्री महेश जोशी वहां आए तो उन्हें सारी बात बताई।

हेमन्त जाखड़ ने बताया कि अतिरिक्त कमिश्नर ने खुद के साथ हुई घटना से जुड़े कुछ वीडियो फुटेज भी पुलिस को दिए हैं। निगम कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी उपलब्ध कराए गए हैं। इस सिलसिले में वर्मा के बयान ले लिए हैं। अब पुलिस महापौर हेरिटेज, महापौर पति सुशील गुर्जर सहित एक दर्जन से अधिक पार्षदों को पूछताछ के लिए बुला सकती है।

गौरतलब है कि जयपुर नगर निगम हेरिटेज में पिछले दिनों अतिरिक्त कमिश्नर राजेंद्र वर्मा के निलंबन की मांग को लेकर महापौर मुनेश गुर्जर पार्षदों के साथ धरना दे रही थीं। जिसमें अस्थाई सफाई कर्मचारियों की फाइल पर साइन करने की मांग को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने महापौर-पार्षदों से मिलकर इस धरने को खत्म करवाया था। लेकिन अब अतिरिक्त कमिश्नर राजेंद्र वर्मा ने इस मामले पर मुकदमा दर्ज कराया है।

Explore our articles