spot_img

Jabalpur : पीएम श्री वायु सेवा और हेली सेवा से सांस्कृतिक और अध्यात्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा: राकेश सिंह

जबलपुर : लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि प्रदेश में प्रारंभ हुई पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा एवं पीएम श्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा को प्रदेश के नागरिकों को देश की संस्कृति और अध्यात्म से जोड़ने का अनूठा प्रयास है। ये दोनों सेवाएं जहां प्रदेश के पर्यटन के प्रमुख केन्द्रों एवं धार्मिक स्थलों के लिए बेहतर कनेक्टीविटी प्रदाय करेगी, वहीं लोगों को संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी उपलब्ध कराएगी।

मंत्री राकेश सिंह गुरुवार को पीएम श्री पर्यटन वायुसेवा एवं पीएम श्री धार्मिक पर्यटन सेवा के शुभारंभ पर डुमना एयरपोर्ट जबलपुर में आयोजित स्वागत कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मंत्री सिंह भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के बाद पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा के एयरक्राफ्ट से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके एवं पर्यटन राज्य मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी के साथ डुमना विमानतल पहुंचे थे।

पीएम श्री पर्यटन वायुसेवा एवं पीएम श्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा की शुरूआत पर डुमना विमानतल पर आयोजित स्वागत के इस कार्यक्रम में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी एवं सुशील कुमार तिवारी इंदू, मध्यप्रदेश तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष रविकरण साहू, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, कलेक्टर दीपक सक्सेना एवं पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह भी मंचासीन थे।

राकेश सिंह ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से लोगों को सुविधाएं कैसे मिल सकती हैं, लोग पर्यटन स्थलों को जाने, एक दूसरे की संस्कृति से जुड़े इस दृष्टि से ही प्रदेश में इन सेवाओं का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि इन सेवाओं के माध्यम से जबलपुर, रीवा, सतना, चित्रकूट, ग्वालियर, उज्जैन, इंदौर और भोपाल और दतिया जैसे शहर एक दूसरे से वायुसेवा से जुड़ जायेंगे।

उन्होंने बताया कि इन शहरों के अलावा कई और ऐसे शहरों का चयन किया जा रहा है जहां हेली सेवा उपलब्ध कराई जायेगी। सिंह ने कहा कि आज इन सेवाओं की विधिवत शुरूआत हुई है, अगले कुछ दिनों में पूरी तैयारियों के साथ यह नियमित वायु सेवा के रूप में प्रारंभ होगी और जो पर्यटन के साथ-साथ लोगों के आवागमन की आवश्यकताओं को भी पूरा करेगी। लोग समय पर अपने गंतव्य पर पहुंच सकेंगे और मध्यप्रदेश विकास की दृष्टि से कितना आगे बढ़ चुका है, इसको भी महसूस कर सकेंगे। सिंह ने कहा कि इन सेवाओं को आगामी समय में और बेहतर बनाने के तथा इंटरस्टेट कनेक्टीविटी बढ़ाने के प्रयास भी किये जायेंगे।

Explore our articles