हुगली : हुगली जिले के उत्तरपाड़ा के प्यारी मोहन कॉलेज में शनिवार को परीक्षा देने के दौरान एक छात्र की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन में छात्र को एक नजदीकी निजी अस्पताल में लेकर जाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों के अनुसार मृत छात्र का नाम राहुल कुमार ठाकुर (19) था। वह रिसड़ा के बिधान चंद्र कॉलेज में राजनीति विज्ञान ऑनर्स के प्रथम वर्ष के छात्र था। रिसड़ा निवासी राहुल शनिवार सुबह उत्तरपाड़ा प्यारी मोहन कॉलेज में दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा देने गया था। परीक्षा के दौरान वह अचानक बीमार पड़ गया। तत्काल उसे उत्तरपाड़ा कॉलेज के प्राचार्य की गाड़ी से स्थानीय नर्सिंग होम ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बाद में छात्र को उत्तरपाड़ा स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया। उत्तरपाड़ा कॉलेज में परीक्षा देने के दौरान सिर्फ वह छात्र ही नहीं, दो अन्य छात्र भी बीमार पड़ गये। उन्हें उत्तरपाड़ा अस्पताल ले जाया गया।
इस संबंध में रिसड़ा बिधान चंद्र कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश कर ने बताया कि शनिवार दोपहर उत्तरपाड़ा कॉलेज के एक प्रोफेसर ने उन्हें सूचना दी कि एक छात्र बीमार पड़ गया है। इसके बाद जब कॉलेज से संपर्क किया गया तो बताया गया कि छात्र की मौत हो गयी है। मृत छात्र का नाम राहुल ठाकुर था। राहुल पॉलिटिकल साइंस ऑनर्स के प्रथम वर्ष के छात्र था। जैसे ही हमें खबर मिली हम तुरंत कॉलेज से राहुल के घर गए। वहीं कुछ प्रोफेसर पूरा मामला जानने के लिए उत्तरपाड़ा अस्पताल पहुंचे। परिवार की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई लिखित शिकायत नहीं दर्ज करवाई की गई थी।
उत्तरपाड़ा कॉलेज के प्राचार्य सुदीप कुमार चक्रवर्ती ने बताया कि रिसड़ा विधान कॉलेज के छात्र उनके कॉलेज में परीक्षा दे रहे थे। परीक्षा के दौरान छात्र की अचानक तबीयत खराब हो गयी। बीमार छात्र को तुरंत परीक्षा नियंत्रण कक्ष लाया गया। प्रारंभ में दबाव मापने के साथ ओआरएस दिया गया। तब छात्र ने बताया कि उसे दिल की बीमारी है। पहले भी एक बार उसका बाईपास सर्जरी हुआ था। इसके उसने तुरंत उसे एक स्थानीय नर्सिंग होम में ले जाने का फैसला किया गया। वहां ईसीजी करने के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दिन, दो और छात्र परीक्षा देते समय बीमार महसूस करने लगे और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।


