भुवनेश्वर : (Bhubaneswar) आगामी हीरो हॉकी इंडिया लीग (Hero Hockey India League) (HIL) 2026 से पहले वेदांता कलिंगा लांसर्स ने शनिवार को भारतीय ड्रैग-फ्लिकर संजय और बेल्जियम के दिग्गज खिलाड़ी आर्थर वैन डोरेन (Indian drag-flicker Sanjay and Belgian legend Arthur Van Doren) को टीम का सह-कप्तान नियुक्त करने की घोषणा की है। हीरो एचआईएल 2026 का आयोजन 3 से 26 जनवरी 2026 तक चेन्नई, रांची और भुवनेश्वर में किया जाएगा।
भारतीय टीम के प्रमुख ड्रैग-फ्लिकर संजय (Indian team’s premier drag-flicker Sanjay) हाल ही में अपनी कप्तानी में भारत को उपविजेता तक पहुंचा चुके हैं, जबकि आर्थर वैन डोरेन ने नवंबर 2025 में आयोजित 31वें सुल्तान अजलान शाह कप में बेल्जियम को खिताब दिलाया था। दोनों खिलाड़ियों का नेतृत्व अनुभव वेदांता कलिंगा लांसर्स के लिए नए सीजन में बड़ी ताकत साबित होने की उम्मीद है।
हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले संजय ने जूनियर स्तर पर तेजी से पहचान बनाई। उन्होंने 2018 यूथ ओलंपिक गेम्स और 2021 जूनियर विश्व कप (Junior World Cup) में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जहां वे उपकप्तान रहे और टीम के सर्वाधिक गोल स्कोरर भी बने। संजय ने 2022–23 एफआईएच हॉकी प्रो लीग (FIH Hockey Pro League) के दौरान सीनियर टीम में पदार्पण किया और तब से भारतीय टीम का अहम हिस्सा बने हुए हैं। वह 2023 एशियन गेम्स में भारत की स्वर्ण पदक विजेता टीम और पेरिस ओलंपिक 2024 में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने वाली टीम का भी हिस्सा रहे। अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित संजय अब तक भारत के लिए 78 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं।
दूसरी ओर, आर्थर वैन डोरेन आधुनिक हॉकी के सबसे सफल डिफेंडरों में गिने जाते हैं। वह टोक्यो ओलंपिक 2020 के स्वर्ण पदक विजेता और 2023 हॉकी विश्व कप चैंपियन टीम (Hockey World Cup champion team) का हिस्सा रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने रियो ओलंपिक 2016 और 2023 विश्व कप में रजत पदक भी जीता है। वर्ष 2012 में सीनियर डेब्यू करने के बाद से वैन डोरेन अब तक बेल्जियम के लिए 276 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं और वर्तमान में एफआईएच हॉकी प्रो लीग में बेल्जियम टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।
वेदांता कलिंगा लांसर्स के सीईओ राजीव कुमार (Vedanta Kalinga Lancers CEO Rajiv Kumar) ने कहा, “नए एचआईएल सीजन से पहले संजय और आर्थर वैन डोरेन को सह-कप्तान नियुक्त करते हुए हमें बेहद खुशी हो रही है। दोनों खिलाड़ी युवा जोश, अनुभव और नेतृत्व का बेहतरीन संयोजन हैं। हाल ही में दोनों ने अपनी-अपनी राष्ट्रीय टीमों को सुल्तान अजलान शाह कप के फाइनल तक पहुंचाया, जो उनकी नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है। नए सीजन की तैयारी को लेकर हम बेहद उत्साहित हैं।”
अपनी नियुक्ति पर संजय ने कहा, “हीरो हॉकी इंडिया लीग में वेदांता कलिंगा लांसर्स का नेतृत्व करना मेरे लिए बेहद खास पल है। मैंने इस लीग को बचपन से देखा है और आज कप्तानी का मौका मिलना गर्व की बात है। आर्थर जैसे अनुभवी खिलाड़ी के साथ नेतृत्व साझा करना मेरे लिए सीखने का शानदार अवसर होगा।”
वहीं आर्थर वैन डोरेन ने कहा, “वेदांता कलिंगा लांसर्स (Vedanta Kalinga Lancers) के साथ यह जिम्मेदारी निभाने को लेकर मैं काफी उत्साहित हूं। HIL में कप्तानी करना मेरे लिए एक नया और रोमांचक अनुभव होगा। मैं संजय और पूरी टीम के साथ मिलकर सीजन की शानदार शुरुआत करने को उत्सुक हूं।”
वेदांता कलिंगा लांसर्स अपने हीरो एचआईएल 2026 अभियान की शुरुआत 4 जनवरी 2026 को चेन्नई में रांची रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले से करेगा।


