अदालत ने दोनों को तीन दिन के रिमांड पर भेजा, अन्य की तलाश जारी
हिसार : हिसार साइबर थाना पुलिस ने जीवन बीमा पॉलिसी की रकम वापस दिलाने के नाम पर डेढ़ करोड़ की ठगी मामले में बुधवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें गाजियाबाद निवासी निखिल पाल और दिल्ली के फैजाबाद निवासी मोहित चंद्र शामिल है। इन पर इस वर्ष 15 फरवरी को उकलाना थाना में धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
मामले में जांच अधिकारी उप निरीक्षक सौरभ सिंह ने बुधवार को बताया कि इस संबंध में बुढ़ाखेड़ा गांव निवासी सरजीत ने जीवन बीमा पॉलिसी की रकम वापस दिलाने के नाम पर डेढ़ करोड़ रुपए की ठगी के बारे में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता सरजीत ने जीवन बीमा की 10 पॉलिसी करवाई थी, जिसकी किस्त आठ लाख रुपए थी। कुछ दिन बाद इनके पास फोन आने लगे कि आपकी पॉलिसी के पैसे मुनाफे सहित आपके पास वापस आ जाएंगे। इसके बदले में इन्हें कुछ चार्जिज देने होंगे। पॉलिसी के पैसे मुनाफे सहित वापस दिलाने के नाम पर आरोपितों ने शिकायतकर्ता से अलग अलग तिथियों पर विभिन्न चार्जिज के नाम पर अलग अलग अमाउंट में 1.5 करोड़ रुपए ठग लिए। इसके बाद भी शिकायतकर्ता के पास आरोपितों का फोन आया और कहा कि आपकी पॉलिसी के 4.88 करोड़ बनते हैं, उसकी एवज में 1.90 लाख रुपए ओर दें।
पुलिस के अनुसार उक्त दोनों आरोपित बेरोजगार लोगों के नाम पर 10 से 20 हजार रुपए में फर्जी अकाउंट खुलवाते और उस अकाउंट के पास बुक, एटीएम कार्ड और चेक बुक लेकर बैंक अकाउंट की डिटेल मुख्य आरोपित को दे देते। मुख्य आरोपित लोगों से ठगे गए पैसे उन बैंक अकाउंटस में डलवाता था। मोहित और निखिल पाल उन बैंक अकाउंटस से पैसे निकलवाकर तीसरे आरोपित को देते थे। इसके बदले में ठगी गई धनराशि का मोहित पांच प्रतिशत और निखिल पाल 10 प्रतिशत कमीशन रखते थे। आरोपितों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।


